परिवार में चल रही थी अंतिम संस्कार की तैयारी, तभी जिंदा घर लौट आया युवक, कुसमुंडा थाना क्षेत्र में सामने आई अजीबो गरीब घटना
कोरबा। कुसमुंडा थाना क्षेत्र में एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है।नदी में मिले शव को परिजन शिनाख्त कर घर ले आए। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। अंतिम संस्कार के लिए रिश्तेदारों को खबर की जा रही थी। परिवार अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटा हुआ था।इसी बीच देर रात पैदल चलते-चलते जिसे मृत समझ रहे थे वह युवक घर पहुंच गया। मोहल्ले वाले उसे देखकर भूत भूत का कर चिल्लाने लगे। जब सच्चाई का पता चला तो लोगों के होश उड़ गए। परिजन जिस शव के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे वह संबंधित युवक था ही नहीं। बहरहाल मामले की सूचना पुलिस को दी गई। अब पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर नदी में मिला शव किसका है। जानकारी के अनुसार कुसमुंडा थाना अंतर्गत विश्रामपुर गेवरा में हरिओम वैष्णव 27 वर्ष निवास करता है। दर्री क्षेत्र में उसका ससुराल है। 4 दिन पहले वह अपने परिवार के साथ ससुराल दर्री गया हुआ था, जहां से वह अचानक बिना किसी को कुछ बताएं गायब हो गया। परिजन उसकी खोजबीन में जुटे हुए थे,लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। युवक के गुमशुदगी की सूचना परिजनों ने कुसमुंडा पुलिस को दी। इस बीच सोमवार की सुबह बांकीमोगरा थाना अंतर्गत डंगनिया स्थित नदी में एक युवक का शव बरामद किया गया। कुसमुंडा क्षेत्र में दर्ज गुमशुदा की सूचना के आधार पर हरि ओम के परिजनों को शव के शिनाख्त के लिए बुलाया गया।परिजनों ने शव के कद काठी व हाथ में गुदे आर टैटू से उसकी पहचान हरिओम के रूप में की। पानी में डूबे होने के कारण शव पूरी तरह से फूल चुका था। जिसकी वजह से चेहरे से पहचान करना मुश्किल हो रहा था।परिजनों के सामने पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई उपरांत शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। परिजन शव को घर लाकर अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। नाते रिश्तेदारों को हरि ओम की मौत की सूचना दे रहे थे। इस बीच रात लगभग 12 बजे अंतिम संस्कार में जुटे परिजनों के होश उड़ गए, जब हरि ओम जिंदा घर लौट आया। उन्हें अपनी आंखों पर भरोसा नहीं हो रहा था। अब उनके मन में सवाल था कि हरिओम जिंदा है तो घर पर पड़ा शव किसका है। रात में ही इसकी सूचना कुसमुंडा पुलिस को दी गई। कुसमुंडा पुलिस ने बांकीमोगरा पुलिस को घटनाक्रम से अवगत कराया, क्योंकि शव बांकीमोगरा क्षेत्र में मिला था। इसलिए उसे बांकीमोगरा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से शव को स्थानीय अस्पताल की मरचुरी में रखा है। अब पुलिस के सामने पुन: मृतक के शिनाख्त की चुनौती है।हरिओम ने बताया कि वह घर वालों की बात से नाराज होकर बिना बताए चला गया था।