पीएम जनमन योजना का बेहतर क्रियान्वयन पहली प्राथमिकता, मतदाता सूची से नाम हटाने और जोडऩे लगेंगे विशेष शिविर, कलेक्टर अजीत वसंत ने ली पत्रकारवार्ता
कोरबा। नवपदस्थ कलेक्टर अजीत वसंत ने प्रेस कांफ्रेंस में जिले में अपनी प्राथमिकताओं को लेकर चर्चा करते हुए बताया कि विशेष जनजाति समुदाय की समृद्धि के लिए पीएम जनमन योजना का बेहतर क्रियान्वयन पहली प्राथमिकता होगी। प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृत हुए कार्यों को 100 फीसदी पूर्ण करना है। मूलभूत सुविधाओं को पूरी पारदर्शिता व इमानदारी के साथ लोगों तक पहुंचाने का काम किया जाएगा। शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुधार कार्य करना है। सभी विभागों की कार्यप्रणाली में सुधार दिखेगा। उपक्रमों में रोजगार, भूमि अधिग्रहण के मामलों में रोजगार, पुनर्वास व मुआवजा को लेकर उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशों का पालन करते हुए इस दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर कोई भी अधिकारी शासकीय शुल्क के अलावा और किसी तरह की रकम की मांग करता है तो इसकी शिकायत करें। इस पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कोरबा संसदीय क्षेत्र में 4 जिलों के 8 विधानसभा समाहित हैं। जिनमें मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के 2, गौरेला पेंड्रा मरवाही और कोरिया के 1-1 तथा कोरबा के 4 विधानसभा शामिल हैं। एकीकृत मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन आज किया जाएगा। जिले के चारों विधानसभा अंतर्गत 9 लाख 21 हजार 585 मतदाता हैं। लोकसभा के लिए अब तक 1500 नए मतदाता जुडेÞ हैं। इनमें 18-19 वर्ष के मतदाताओं की संख्या 291 है। मतदाता सूची में नाम जोडऩे और हटाने के लिए 13 व 14 जनवरी को विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अर्हता कार्यक्रम अंतर्गत 1 जनवरी 2024 की स्थिति में जिले के ही चारों विधानसभा अंतर्गत कुल 1080 मतदान केंद्र व मतदाताओं की कुल संख्या 9 लाख 21 हजार 585 है। जिसके अंतर्गत 4 लाख 60 हजार 531 पुरुष मतदाता एव 4 लाख 61 हजार 16 महिला मतदाता हैं। जिले में थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 38 है। इसी प्रकार जिले में वरिष्ठ मतदाताओं की संख्या 9770, 18-19 वर्ष के नए मतदाता 30,028 व दिव्यांग मतदाता 5859 और सेवा मतदाताओं की संख्या 542 है। कलेक्टर श्री वसंत ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी व शांतिपूर्ण निर्वाचन के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही आदर्श आचार संहिता प्रभावशील हो जाता है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के प्रारंभिक प्रकाशन के बाद दावा आपत्ति करने की तिथि 22 जनवरी तक होगी। दावा आपत्ति की अवधि में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए मतदान केन्द्रों और स्कूलों में 13 व 14 जनवरी को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसी प्रकार दावा आपत्ति का निराकरण 2 फरवरी तक और मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 8 फरवरी को किया जाएगा। इस दौरान अपर कलेक्टर प्रदीप साहू, उप-जिला निर्वाचन अधिकारी सीमा पात्रे सहित विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
![]()




























