पीएम सूर्यघर योजना सोलर सिस्टम लगाने सब्सिडी के साथ मिलेगा बैंक लोन, योजना के तहत 30 से लेकर 78 हजार रुपए तक की सब्सिडी दी जाएगी
कोरबा। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत उपभोक्ताओं को सब्सिडी दी जाएगी। जो हितग्राही जितने वॉट का सोलर सिस्टम लगाएगा, उसे उसी हिसाब से शासन की ओर से सब्सिडी दी जाएगी। जैसे एक किलोवॉट का सिस्टम लगाने वाले को 30 हजार रुपए, दो किलोवॉट वाले को 60 हजार और 3 किलोवाट सोलर सिस्टम लगाने वालों को 78 हजार रुपए सब्सिडी मिलेगी। उपभोक्ताओं को बैंक से लोन लेने की सुविधा भी दी जाएगी। बताया जाता है, कि एक सोलर सिस्टम में लगभग 3 लाख रुपए खर्च आता है। आरईसी के अधिकारियों द्वारा पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के संबंध में प्रोजेक्टर के माध्यम से जानकारी दी गई। सब्सिडी के संबंध में बताया गया। योजना के लिए सभी बैंकों से कम दर पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। 3 किलोवाट सोलर सिस्टम के लिए बैंक से 7 प्रतिशत की दर पर लोन दिया जाएगा। साथ ही 90 प्रतिशत राशि का ऋण 10 वर्ष में देना है। रेसिडेंशियल वेलफेयर सोसायटी (आर.डब्लू.एस.) में सार्वजनिक उपयोग के बिजली कनेक्शन में भी इसका लाभ ले सकते हैं। इसके लिए शासन से 18 हजार रुपए प्रति किलोवॉट की दर से सब्सिडी मिलेगी। 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के कनेक्शन पर अधिकतम 78 हजार रुपए सब्सिडी दी जा रही है। उपभोक्ता इस योजना के अंतर्गत सोलर रूफ टाप के माध्यम से अपने घरों में सोलर पैनल स्थापित कर बिजली का उत्पादन कर सीधे विद्युत कंपनी के ग्रिड से कनेक्टिविटी करके बिजली का उपयोग कर सकते हैं।
![]()

