कोरबा। जिले के कटघोरा क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं की आशंका को देखते हुए पुलिस की सतर्कता एक बार फिर सामने आई है। कटघोरा थाना क्षेत्र में आयोजित किसान मेले के दौरान पुलिस ने एहतियातन बड़ी कार्रवाई करते हुए कड़े पहनकर घूम रहे युवकों से कड़े उतरवाकर जब्त किए हैं। कार्रवाई थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी के नेतृत्व में की गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार मेले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया। कार्रवाई के तहत करीब 500 युवकों के हाथों से कड़े उतरवाए गए, जिन्हें थाने में विधिवत जब्त किया गया है। पुलिस का मानना है कि इस तरह के कड़े कई बार मारपीट और आपराधिक घटनाओं में हथियार के रूप में इस्तेमाल किए जा सकते हैं।बताया जा रहा है कि किसान मेले में प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा पूरे मेला परिसर पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए कई दुकानों और प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।
किसान मेला में उमड़ रही भीड़
गौरतलब है कि कटघोरा थाना के सामने आयोजित यह किसान मेला लगभग एक माह तक चलेगा। यह मेला हर वर्ष आयोजित होता है, जिसमें न केवल जिले बल्कि आसपास के कई जिलों से भी लोग शामिल होने पहुंचते हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हाल के दिनों में अपराधों में बढ़ोतरी को देखते हुए इस तरह की रोकथाम संबंधी कार्रवाई की जा रही है, ताकि मेले के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके और आमजन सुरक्षित माहौल में मेले का आनंद ले सके।
![]()




























