कोरबा। कटघोरा ब्लॉक के ग्राम पंचायत बिरदा, केसला, रंगबेल, सरईसिंगार के सरपंचों और जनपद सदस्य ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अवैध रेत परिवहन और भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की है। शिकायत के अनुसार पंतोरा-बिरदा-गंगदेई रोड पर लोगों का चलना मुश्किल हो गया है। जन प्रतिनिधियों ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़क पर भी भारी वाहन चल रहे हैं। इस वजह से सड़क खराब हो गई है। कई बार ग्रामीण आंदोलन कर चुके हैं। इस सड़क पर पर रोजाना 100 से अधिक भारी वाहन बिना रॉयल्टी और अनुमति के रेत के साथ खनिज परिवहन करते हैं। इससे हादसे की आशंका बनी रहती है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी होती है। इस संबंध में खनिज विभाग, परिवहन और तहसील कार्यालय में भी लिखित शिकायत की जा चुकी है। इसके बाद भी ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। सड़क क्षतिग्रस्त होने का प्रभाव लोगों पर पड़ रहा है। खनिज माफिया भी सक्रिय है, जो ग्रामीणों से विवाद करते हैं। अवैध परिवहन रोकने के लिए इस सड़क पर स्थाई चौकी या चेक पोस्ट स्थापित किया जाना जरूरी है। मांग पूरी नहीं होने पर ग्रामीणों के साथ धरना आंदोलन किया जाएगा।
![]()

