कोरबा। दुकानों में राशन का भंडारण किया जा रहा है। हितग्राही फरवरी और मार्च का राशन एक साथ ले सकेंगे। चावल के साथ नमक, चना, शक्कर का आवंटन किया जा रहा है। जहां भी शिकायत है उसका निराकरण भी किया जाएगा। खाद्य विभाग ने दुकानों में राशन का पर्याप्त भंडारण नहीं होने पर मार्च में फरवरी का भी चावल वितरण करने का आदेश जारी किया है। चावल के साथ ही चना, शक्कर नमक का वितरण भी होगा। जिले में करीब 65 हजार राशन कार्ड धारी फरवरी का राशन नहीं ले पाए हैं। जिले में 554 उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से राशन का वितरण किया जाता है। राशन कार्ड धारियों की संख्या 3.50 लाख है। जिसमें से करीब 70 प्रतिशत कार्ड धारी ही राशन ले पाए। फोर्टीफाइड चावल के टेंडर में देरी होने के कारण गोदाम में चावल का भंडारण विलंब से हुआ। इसकी वजह से ही दुकानों में समय पर चावल नहीं पहुंचा। इस वजह से वितरण नहीं हो पाया। इससे शहर के साथ ग्रामीण उपभोक्ता परेशान रहे। कई स्थानों पर दुकान संचालकों से भी विवाद हुआ। करीब 105 दुकानों में तो चावल का विवरण भी नहीं हो पाया। महीने के अंतिम दिन शनिवार को भी हितग्राही दुकानों में पहुंचते रहे। चावल राज्य और केंद्र से भी आवंटित होता है। सेंट्रल पुल के चावल का आवंटन करने प्रस्ताव भेजा जा चुका है। अभी भी चावल का भंडारण किया जा रहा है। यही नहीं दुकान संचालकों ने गोदाम में पहुंचकर हंगामा भी किया था। इस दौरान कर्मचारियों से वाद विवाद की स्थिति बनी थी। इसके बाद भी दुकानों में चावल नहीं पहुंच पाया। हर महीने करीब 92 प्रतिशत लोग चावल लेते हैं। एपीएल हितग्राही राशन लेने में रुचि नहीं दिखाते हैं। बीच में शक्कर और चना का भंडारण नहीं हो रहा था। अभी 2 महीने का चना और शक्कर वितरण किया जा रहा था। राज्य शासन ने फरवरी में ही मार्च का एक साथ चावल वितरण करने का आदेश जारी किया था। लेकिन चावल भंडारण नहीं होने से यह उल्टा हो गया। अब मार्च में भी फरवरी का राशन वितरण करने का निर्णय लेना पड़ा।
![]()

