महिला समिति ने मनाया सावन उत्सव, महिलाओं और बच्चों ने भजन-कीर्तन, झूला, व्यंजनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उठाया आनंद
कोरबा। डॉ. राजेंद्र प्रसाद नगर फेस-1 स्थित राधाकृष्ण मंदिर प्रांगण में महिला समिति द्वारा सावन उत्सव का आयोजन पारंपरिक उल्लास और सांस्कृतिक भावनाओं के साथ किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सावन के रंग में सराबोर नजर आए। कार्यक्रम की शुरुआत भजन-कीर्तन से हुई, जिसमें महिलाओं ने भक्तिमय गीतों के माध्यम से वातावरण को आध्यात्मिक रंगों से भर दिया। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने नृत्य और गीतों के माध्यम से सावन उत्सव की खुशियों को साझा किया। मंदिर प्रांगण में विशेष रूप से सजाए गए झूले में झूलते हुए महिलाओं ने उत्सव का भरपूर आनंद लिया। इस अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में सावन क्वीन प्रतियोगिता भी रखी गई, जिसमें किरण सिदार को सावन क्वीन चुना गया। उन्हें महिला समिति की ओर से स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। सावन उत्सव के दौरान विभिन्न प्रकार के पारंपरिक व्यंजनों का भी स्वाद समिति की महिलाओं ने लिया। व्यंजनों की खुशबू और स्वाद ने पूरे कार्यक्रम को और भी यादगार बना दिया। इस अवसर पर त्रिवेणी राजपूत, किरण सिदार, सरोज गुप्ता, राजेश्वरी पांडे, सरोज तिवारी, सरोज केसरवानी, बिंदो गुप्ता, रेखा ख़िरवट, रत्ना द्विवेदी, दीप्ति राजवाड़े, सरिता सारथी, भारती, सुशीला, सरिता शर्मा, राम, कौशल्या कश्यप सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।