कोरबा। मुस्लिम समुदाय को लक्ष्य करते हुए समाज के मतदाताओं के नाम कटवाने की साजिश रचने वालों के खिलाफ शिकायत सुन्नी मुस्लिम जमात ने कलेक्टर से शिकायत की है। मामले में कार्यवाही की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा गया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि पिछले दिनों जिला निर्वाचन कार्यालय से कोरबा विधानसभा के 1566 मतदाताओं की सूची प्रकाशित की गई थी, जिनके बारे में बताया गया कि इनके नाम पर फॉर्म 7 भरकर जमा किया गया है और दावा किया गया है कि ये सभी अपने पते पर नहीं -रहते हैं। अतः इनके बारे में जांच करके मतदाता सूची दुरुस्त की जाये। बता दें कि इनमें लगभग 98फीसदी नाम मुस्लिम मतदाताओं के हैं। संबंधित सूची में जितने भी नाम मुस्लिम मतदाताओं के हैं, वे सभी अपने मूल पते पर ही रह रहे हैं। कतिपय शरारती और सांप्रदायिक भेदभाव पैदा करने वाले लोगों द्वारा एक साजिश के तहत इन सभी लोगों के नाम कटवाने की रणनीति बनाकर फॉर्म 7 जमा किये गए, ताकि यह सभी मताधिकार से वंचित हो जाएं। यह एक आपराधिक कृत्य है और ऐसे साजिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करना जरुरी है। ज्ञापन में कहा गया है कि जिन लोगों ने फॉर्म 7 भरकर संबंधित मुस्लिम मतदाताओं के नाम काटने के लिए जमा कराये हैं, उनके नाम, इपिक नंबर और पते का भी फॉर्म और सूची में उल्लेख है। इनके द्वारा जो कृत्य किया गया है, यह न केवल दुर्भावनापूर्ण है, बल्कि यह लोकतांत्रिक व्यवस्था, मताधिकार एवं सामाजिक सौहार्द पर सीधा हमला है। इस प्रकार की गतिविधियों के कारण धर्म विशेष से संबंधित आम नागरिकों को बिना किसी अपराध के मानसिक, सामाजिक एवं प्रशासनिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें बार-बार विभिन्न शासकीय विभागों एवं कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं तथा बार-बार अपने व्यक्तिगत दस्तावेज जमा करने के लिए विवश किया जा रहा है। हम इस प्रक्रिया में फंस कर अपने संवैधानिक मताधिकार से वंचित हो सकते हैं, जिसका गंभीर दुष्परिणाम पड़ेगा। मामले में कार्रवाई की मांग की गई है।
![]()




























