रकम दोगुना करने का झांसा देकर 4 लाख की ठगी, सिविल लाइन थाना क्षेत्र का मामला
कोरबा। ठगराजों की सक्रियता बढ़ती ही जा रही है। लगातार जागरूकता अभियान के बाद भी लोग ठगराजों के झांसे में आकर अपनी गाढ़ी कमाई गंवा रहे हैं। इसी तरह का मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र में आया है। प्रॉपर्टीज खरीदी-बिक्री कर प्राप्त आय से 6 साल में निवेश की गई रकम दोगुनी होने का झांसा देकर एक दंपति से 4 लाख रुपए की ठगी की गई। मामले में आस्था इन्फ्रा बिल्डर्स एंड प्रॉपर्टीज डेवलपमेंट कंपनी के दो डायरेक्टरों के खिलाफ ठगी का अपराध दर्ज किया है। मामला शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है, जहां बुधवारी बाजार वार्ड निवासी गौरी शंकर सोनी (62) व उनकी पत्नी रूखमनी सोनी से करीब 10 साल पहले कसडोल-बलौदाबाजार निवासी सूरज कुमार साहू व एस. कुमार रात्रे ने संपर्क किया था। उन्होंने खुद को आस्था इन्फ्रा बिल्डर्स एंड प्रॉपर्टीज डेवलपमेंट कंपनी का डायरेक्टर बताया था। उन्होंने कंपनी का कार्यालय सुभाष चौक के समीप होना बताया था। साथ ही अपनी कंपनी में रकम निवेश करने वाले लोगों को 6 साल में रकम दोगुनी वापस करने का झांसा दिया। उसके अलावा प्रतिवर्ष 18 प्रतिश ब्याज भी देने का जिक्र किया। लुभावने स्कीम में आकर सोनी दंपति ने उक्त कंपनी के खाते में 4 लाख रुपए जमा कर दिया। तब कंपनी का शेयर सर्टिफिकेट व बाण्ड पेपर जारी कर निवेशकों को दिया गया। कुछ महीने तक निवेश की रकम पर ब्याज व लाभांश बता खाते में भेजी गई,पर वर्ष 2015 में दोनों डायरेक्टर कंपनी बंद करके भाग गए। उनके बताए गए पते पर जाकर देखने पर वहां उन्होंने आलीशान घर बनाने के साथ ही ट्रैक्टर भी खरीद लिया था।
![]()




























