रामपुर में ननकी की टिकट काटने की मांग, अंतर्कलह आई सामने, मंडल के भाजपा नेताओं ने नए चेहरे को प्रत्याशी बनाने की रखी मांग
कोरबा। भाजपा ने प्रत्याशियों की पहलीसूची जारी कर दी है। वहीं कुछ दिन पहले ही सोशल मीडिया में भाजपा की एक सूची जारी हुई थी, जिसमें संभावित चेहरों के नाम सामने आए थे। इसके बाद रामपुर विधानसभा में ननकी राम की टिकट काटने की मांग उठने लगी है। मंडल के भाजपा नेताओं ने नए चेहरे को प्रत्याशी बनाने की मांग करते हुए जिला अध्यक्ष को पत्र लिखा है।अनुशासित कार्यकर्ताओं वाली पार्टी भाजपा में रामपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशी चयन को लेकर अंतर्कलह उभर कर सामने आया है। पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में प्रत्याशियों के चयन पर जब रामपुर के मौजूदा विधायक और वरिष्ठ आदिवासी नेता ननकी राम कंवर का नाम पूर्ण सहमति के साथ सामने आया और यह संभावित सूची सोशल मीडिया और मीडिया में वायरल / प्रकाशित हुई तो अब इन्हें टिकट न देकर संचालक मंडल में शामिल करने तथा नए चेहरे को टिकट देने की मांग उठाई जा रही है। हालांकि यह मांग पूरे रामपुर विधानसभा क्षेत्र से नहीं है बल्कि एक मंडल विशेष के कुछ कार्यकर्ताओं के द्वारा उठाई जा रही है जिसे लेकर कयास लगाया जा रहा है और चर्चा है कि अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए ऐसा कराया जा रहा है। वैसे ननकीराम कंवर में राजनीतिक अनुभव कूट-कूट कर भरा है और इस चुनाव में भाजपा किसी भी तरह का रिस्क लेने को तैयार नहीं है। ननकी राम कंवर के नाम पर केंद्र स्तर से सहमति बनी है लेकिन इस सहमति को भी कुछ कार्यकर्ताओं के द्वारा एक तरह से चुनौती देकर टिकट नहीं देने की मांग की जा रही है। इससे रामपुर विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं का अंतर्कलह सामने आया है। इसके पहले जिले के ही पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र में पूर्व विधायक रामदयाल उइके को भी टिकट देने की संभावित सूची के वायरल होने पर विरोध के स्वर फूटे हैं। रामपुर विधानसभा के करतला मंडल अंतर्गत ग्राम बांधापाली में बैठक कर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने इस बार रामपुर विधानसभा में प्रत्याशी बदलने की मांग रखी है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि पूर्व गृहमंत्री और वर्तमान विधायक ननकी राम कंवर लंबे समय से क्षेत्र की जनता की सेवा करते आ रहे हैं। पार्टी के नियमानुसार 75 वर्ष की आयु पूर्ण होने के बाद पार्टी के नेताओं को मार्गदर्शक मंडल में शामिल किया जाता है। पूर्व गृह मंत्री और विधायक ननकीराम कंवर को भी मार्गदर्शक मंडल में रखा जाए। रामपुर विधानसभा में उनके स्थान पर नए चेहरे को टिकट दिया जाए। सदस्यों ने प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित कर हस्ताक्षरित ज्ञापन भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ.राजीव सिंह को सौंपा है। यह भी कहा गया है कि मांग पर ध्यान नहीं दिया गया तो सैकड़ों कार्यकर्ता सामूहिक इस्तीफा देंगे जिसकी पूर्ण जवाबदारी संगठन की होगी।
![]()

