रामलला की प्राण प्रतिष्ठा पर राम भक्ति में डूबी ऊर्जाधानी, मंदिरों में किए गए धार्मिक अनुष्ठान, भोग भंडारे का किया गया आयोजन
कोरबा। प्रभाव कोरबा नगर के लोगों में दिखा। पूरा नगर श्रीराम की भक्ति में सराबोर हो गया। मंदिर, चौक, चौराहों तथा गलियों को भी तोरण, ध्वज व केसरिया झण्डियों से सजाया गया है। बच्चे युवा, वृद्ध हर वर्ग के लोगों में श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर उत्साह और उमंग में नजर आए।आईटीआई चौक से लेकर बालाजी मंदिर होते हुए भी ओम फ्लेट, बैगनडभार, राजस्व कालोनी,हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी तहसील चौक, कोसावाडी आदि बस्ती और गलियों को ध्वज, तोरण, स्वागत द्वार बना कर सजाया गया है। हनुमान मंदिर कोसाबाड़ी तथा कोसाबाड़ी चौक को ध्वज,केसरिया झंडे से सजाया गया है। मंदिर में सुबह से भक्ति गीत,भजन गाये जा रहे थे।कोसाबाड़ी चौक, सुभाष चौक, घंटाघर चौराहा, बुधवारी चौक,श्री राम जानकी मंदिर, ट्रांसपोर्ट नगर, सुनालिया चौक, पुराना बस स्टैंड, सप्तदेव मंदिर, श्रीराम जानकी मंदिर सीतामढ़ी आदि मंदिरों चौक, चौराहों, सडक़ों और गलियों को श्रीराम के छायाचित्रों, ध्वजाओ, केसरिया झंडों के द्वारा सजाया गया है। नगर बच्चों के द्वारा श्रीराम, सीता,लक्ष्मण, हनुमान के रूप में आकर्षक झांकियां निकाली गई। इसके साथ ही श्री राम भक्तों के द्वारा श्री राम महोत्सव को लेकर मोटर सायकिल जागरूकता रैली निकाली गई। श्री राम प्राण प्रतिष्ठा को लेकर मंदिर, मोहल्ले में बस्तियों में विशेष तौर पर पूजन करने भोग वितरण आदि की तैयारी कर ली गयी थी। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के ऑन लाइन प्रसारण के लिए प्रोजेक्टर, टी व्ही आदि लगाए गए थे।
बॉक्स
श्रीराम जानकी मंदिर में जिला स्तरीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन
पावन नगरी अयोध्या में श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा रामोत्सव का आयोजन 22 जनवरी को हुआ। इस अवसर पर राज्य शासन की मंशा अनुरूप जिला एवं विकासखण्ड स्तर पर वृहद स्तर पर विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देशन में कार्यक्रम के सफलतापूर्वक आयोजन हेतु अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। जिला स्तरीय कार्यक्रम शहर के बुधवारी स्थित श्रीराम जानकी मंदिर में आयोजन किया गया। सुबह 09 बजे से ही रामायण मंडलियों द्वारा प्रस्तुति दी गई। इसी प्रकार विकासखण्ड स्तरीय कार्यक्रमों का आयोजन किया गया , कार्यक्रम स्थल पर मंच व पंडाल निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा, साउण्ड सिस्टम, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, सजावट और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। आयोजन में जिला एवं विकासखण्ड स्तरीय संस्थानों, धार्मिक ट्रस्टों, मंदिर समितियों के साथ समन्वय करके उनके सहयोग के साथ कार्यक्रम का आयोजन सुनिश्चित किया गया।
बॉक्स
मंदिरों में की गई है आकर्षक लाइटिंग और साफ सफाई
14 जनवरी से ही मंदिरों में साफ सफाई की जा रही है। तथा आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था की गई। गांव-गांव में प्रभात फेरी, राम रामधुनी, संकीर्तन के माध्यम से प्राण प्रतिष्ठा स्वागत की तैयारी की गई थी। इस दौरान शोभा यात्रा, बाइक रैली व झांकी भी निकाली गई।
बॉक्स
राम जानकी मंदिर रामलला प्राण प्रतिष्ठा-रामोत्सव कार्यक्रम
श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा-रामोत्सव का जिला स्तरीय कार्यक्रम 22 जनवरी को प्रात: 11 बजे से राम जानकी मंदिर बुधवारी में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक प्रेमचंद पटेल व अन्य रहे।
बॉक्स
महामृत्युंजय मंदिर में विशेष अनुष्ठान
श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के मौके पर शहर के नगर निगम आवासीय परिसर स्थित महामृत्युंजय मंदिर में भी विशेष अनुष्ठान किया गया। नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के द्वारा मंदिर में रंगारंग धार्मिक आयेाजन किया गया। एक दिन पूर्व मंदिर से प्रभु श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। सुंदर कांड का पाठ किया गया। इतना ही नहीं सोमवार की सुबह हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण मौजूद रहे।
![]()




























