वार्ड परिसीमन को लेकर दावा-आपत्ति की मियाद 22 जुलाई तक बढ़ी, तिथि बढ़ने से लोग चौहद्दी पर अच्छे से कर सकेंगे मंथन
कोरबा। वार्डों की सीमा निर्धारित करने के बाद नगर निगम ने दावा-आपत्ति से संबंधित तिथि बढ़ा दी है। अब संबंधित वार्डों में रहने वाले लोग अपनी दावा-आपत्ति 22 जुलाई तक कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं। निराकरण के बाद वार्डों की वास्तविक सीमा का निर्धारण किया जाएगा और इसकी सूचना प्रदेश सरकार को दी जाएगी ताकि नगरीय निकाय का चुनाव संपन्न हो सके। साल के अंत तक प्रदेश में नगरीय निकायों के चुनाव होने हैं। इसके लिए स्थानीय निर्वाचन कार्यालय अपनी तैयारियों को आगे बढ़ा रहा है।पहले चरण में सभी नगरीय निकायों में वार्ड परिसीमन को लेकर स्थानीय निर्वाचन आयोग ने निर्देशित किया था इसके बाद निकायों में वार्ड की सीमा का निर्धारण किया गया। कोरबा नगर निगम के साथ-साथ नगर पालिका परिषद दीपका, कटघोरा, बांकीमोंगरा और नगर पंचायत पाली और छुरीकला के लिए वार्डों के सीमा के परिसीमन का कार्य प्रारंभ किया गया। पखवाड़े भर की कोशिश के बाद सभी निकायों में वार्ड परिसीमन को लेकर कार्यवाही पूरी हो गई है। वार्डों की सीमा रेखा से संबंधित नक्शा नगर निगम कार्यालय में चस्पा किया गया है। लोगों की सुविधा को लेकर नगर निगम ने प्रत्येक वार्ड का ब्यौरा भी अपने सूचना पटल पर प्रकाशित किया है। इसमें वार्ड के उत्तर-दक्षिण और पूरब-पश्चिम में स्थित हिस्से को लिखा गया है। निगम की ओर से इसका प्रकाशन 8 जुलाई को किया गया था और 14 जुलाई तक स्थानीय लोगों को दावा आपत्ति प्रस्तुत करने के लिए कहा गया था। जिन लोगों को वार्ड परिसीमन को लेकर अपनी आपत्ति थी उन्होंने कलेक्टर कार्यालय में दर्ज कराई। अपने वार्ड को लेकर लोग बेहतर तरीके से सोच-समझ सके और वार्ड की भौगोलिक सीमा को भलीभांति जान सके इसके लिए प्रदेश सरकार ने दावा आपत्ति की तारीखों को बढ़ा दिया है। अब संबंधित वार्ड के लोग 22 जुलाई तक दावा-आपत्ति कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं। आपत्तियों का निराकरण जिला निर्वाचन पदाधिकारी की ओर से किया जाएगा और इसके बाद वार्ड परिसीमन से जुड़ी अंतिम सूची का प्रकाशन होगा।
![]()

