शांतिपूर्ण चुनाव कराने पुलिस ने कसी कमर, शहर में फ्लैग मार्च कर दिया कड़ा संदेश
कोरबा। जिले में विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पुलिस ने पूरी तरह कमर कस ली है। यदि असामाजिक तत्व चुनाव के दौरान शांतिभंग करने का प्रयास करते हैं, तो बख्शे नहीं जाएंगे। इस बात का संदेश पुलिस के अफसर और जवानों ने शहर में फ्लैग मार्च कर दे दिया है। वे आने वाले दिनों में भी क्षेत्र में पैदल गश्त कर व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर नजर रखेंगे। वही छत्तीसगढ़ में 7 और 17 नवंबर को दो चरण में विधानसभा चुनाव निर्धारित है। इसके लिए आदर्श आचार संहिता लागू हो गया है। जहां प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया को पूरी करने ताकत झोंक दी है, वहीं सुरक्षा व्यवस्था की कमान जिला पुलिस ने संभाल लिया है। पुलिस कप्तान यू उदय किरण के निर्देश और एएसपी अभिषेक वर्मा के मार्गदर्शन में थाना चौकी प्रभारी अपने अपने क्षेत्र में सघन गश्त कर रहे है। संदिग्ध लोग और वाहनों की जांच की जा रही है, इसी कड़ी में मंगलवार की शाम शहर में कोरबा सीएसपी भूषण एक्का के नेतृत्व में फ्लैग मार्च किया गया। पुलिस के अफसर और जवान पैदल मार्च करते हुए सोनालिया चौक ,टीपी नगर चौक, सीएसईबी चौक ,घंटाघर ,सुभाष चौक फिर कोसाबाडी पहुंचे। इस दौरान पुलिस वाहनों की सायरन सुन असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा रहा। पुलिस कप्तान ने कोसाबाड़ी में अफसर व जवानों को सुरक्षा संबंधी दिशा निर्देश जारी किए। कोरबा सीएसपी श्री एक्का ने बताया कि विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पुलिस पूरी तरह तैयार है। क्षेत्र में लगातार पैदल गश्त की जाएगी । इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखा जाएगा, ताकि असामाजिक तत्व चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार से बाधा उत्पन्न ना कर सके। यदि किसी प्रकार के गड़बड़ी की सूचना मिलती है , तो तत्काल कारवाई की जाएगी। फ्लैग मार्च में प्रमुख रूप से डीएसपी प्रतिभा मरकाम,डीएसपी यातायात एससी परिहार, नगर कोतवाल रूपक शर्मा , निरीक्षक धर्म नारायण तिवारी सहित अन्य अधिकारी व जवान शामिल थे।
![]()

