कोरबा। जिले में होली का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पुलिस ने कमर कस ली है। इसके लिए पुलिस ने सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान के तहत लंबे समय से फरार वारंटियों की धरपकड़ तेज कर दी है। अभियान के तहत 97 वारंटियों को दबोचा गया है, जिसमें 30 स्थायी वारंटी शामिल हैं। पुलिस ने पकड़े गए वारंटियों को वैधानिक कार्रवाई उपरांत कोर्ट में पेश कर दिया है।
होली पर्व में असामाजिक तत्व उत्पात मचा सकते हैं। उनकी करतूत से आम लोगों की खुशी में खलल पड़ सकता है। जिसे देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने कोर्ट से जमानत लेने के बाद लंबे समय से फरार वारंटियों व असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। उनके निर्देश एएसपी लखन पटले के मार्गदर्शन में तमाम थाना चौकी प्रभारियों ने सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान के तहत वारंटियों की धरपकड़ शुरू कर दी है। अभियान के तहत अलग अलग थाना चौकियों में 67 गिरफ्तारी व 30 स्थायी वारंटी भी पकड़े गए हैं। इनमें कुछ वारंटी बीते कई साल से फरार चल रहे थे। पुलिस उनकी लगातार पतासाजी कर रही थी। मामले में पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई उपरांत वारंटियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। अभियान का मुख्य उद्देश्य होली में असामाजिक तत्वों व वारंटियों पर प्रभावी नियंत्रण है, ताकि पर्व के दौरान किसी भी गड़बड़ी न हो। बहरहाल होली के ठीक पहले पुलिस के विशेष अभियान से असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है।
![]()

