शासन व डीईओ के आदेशों की प्राचार्या को नहीं परवाह, आदेश की अवहेलना, गिर सकती है कार्यवाही की गाज
कोरबा। मामला पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के घरीपखना का है, जहां शासकीय हाई स्कूल घरीपखना की प्राचार्या गंगा कौशिक के द्वारा शासन के नियमों के विपरीत आदेश को ठेंगा दिखाया जा रहा है। शासन के द्वारा समस्त प्रकार के संलग्निकरण को समाप्त कर संलग्न कर्मचारियों को अपने मूल पदस्थापना स्थल भेज दिया गया है, वहीं प्राचार्या गंगा कौशिक के द्वारा शासन के आदेशों को दरकिनार कर शैक्षणिक व्यवस्था के नाम पर प्राथमिक शाला डगनिया के दो शिक्षकों को नियम विपरीत ऐसी शाला में संलग्न करने का आदेश जारी किया गया है। जहां पूर्व से ही तीन शिक्षक मौजूद हैं। यदि प्राचार्या को शैक्षणिक व्यवस्था की इतनी ही चिंता थी तो उनके द्वारा अपने अधीनस्थ ऐसी प्राथमिक शालाएं हैं जो कि एकल शिक्षकीय हैं, उनमें भी संलग्न कर सकती थीं, परंतु मनचाहे व्यक्ति को लाभ पहुचाने की दृष्टि से एवं दोनों शिक्षकों को प्रताडि़त करने की मंशा से यह आदेश जारी किया गया है। नियम विपरीत आदेश का पालन करने का दबाव भी उनके द्वारा बनाया जा रहा है । इस बाबत उन्होंने उक्त दो शिक्षकों और वहां की प्रधान पाठिका को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया है, जिससे यह प्रतीत होता है कि उनके द्वारा केवल मानसिक प्रताडऩा के उद्देश्य से ही यह आदेश जारी किया गया है । शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्राचार्या गंगा कौशिक पर भी शासन के आदेशों की अवहेलना कर ऐसे आदेश निकालने के मामले में कार्यवाही की गाज गिर सकती है।
![]()

