सडक़ किनारे की गई खुदाई से हो रहे हादसे
कोरबा। जिले में जल जीवन मिशन योजना के तहत पाइप लाइन बिछाने शहर, गांव के गली-मोहल्लों, सडक़ों में खोदे गए गड्ढे प्रशासनिक लापरवाही के चलते वर्षा के मौसम में राहगीरों के लिए परेशानियों का सबब बन रहे हैं। खोदी गई सडक़ों को लेकर आम जनता का आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। शहर की सडक़ें वर्षा में दलदल में तब्दील हों गई हैं। गड्ढों को पाटने के लिए मिट्टी भरे जगहों से वाहन के साथ निकलना तो दूर, पैदल चलना भी किसी परेशानी से कम नहीं है। कई सडक़ों की हालत इतनी खराब है कि वहां पर वाहन सडक़ से गुजरते समय गड्ढों में फंस रहे हैं। इतना ही नहीं विगत दिनों हुई वर्षा ने इन सडक़ों को फिसलन भरा बना दिया, जहां से पैदल व वाहन के निकलने वालों को भी कई बार रपटना पड़ा है। सप्ताह भर पहले ढेलवाडीह के पास एक कोयले से भरा ट्रेलर गड्ढे में फंस गया और कोयले से भरा ट्रेलर पलट गया। पाइप लाइन की खुदाई के दौरान ठेकेदार का सुपरवाइजर भी मौजूद नहीं रहता है। जिसकी वजह से जेसीबी ऑपरेटर मनमानी ढंग से खुदाई कर मिट्टी पाटने में लापरवाही बरत रहे हैं।
![]()

