सूने मकान में चोरों ने बोला धावा, नकदी व जेवरात की चोरी, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पथर्रीपारा बस्ती में हुई घटना
कोरबा। जिले में चोरी की वारदात बढ़ गई है। चोर सूने मकानों को निशाना बनाने लगे हैं। इसी कड़ी में चोरों ने पथर्रीपारा बस्ती में एक सूने मकान का ताला तोडक़र नकदी व जेवरात की चोरी कर ली है। मामले की सूचना पर पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस ने मौका स्थल का विवेचना करने के साथ आरोपियों का सुराग तलाशने खोजी डॉग बाघा की भी मदद ली है। जांच पड़ताल के दौरान एक संदेही को हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। सिविल लाइन थाना रामपुर अंतर्गत पथर्रीपारा में राकेश पाण्डेय निवासरत है, जो भिलाई स्टील प्लांट के सिविल विभाग में कार्यरत है। उनका परिवार यहां रहता है। बताया जा रहा है कि वे दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने परिवार सहित बिहार गए हुए हैं। मकान में ताला लगा हुआ है, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया। कोरबा शहर में चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही। एक के बाद घटनाएं सामने आ रही है लेकिन पुलिस चोरों को पकडऩे में नाकाम साबित हो रही है। एक बार फिर से सिविल लाईन थानांतर्गत पथर्रीपारा स्थित एक मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। बीती रात घर पर जब कोई नहीं था तब चोरों ने घर का दरवाजा तोड़ा फिर भीतर घुसे। अलमारी का लॉकर तोडक़र उसके अंदर रखे एक लाख रुपए नकदी रकम और सोने के जेवरातों की चोरी कर ली। सुबह जब घटना की जानकारी हुई तब पुलिस को सूचना दी गई।
![]()

