स्वीकृत सडक़ों की जारी की जाए निविदा, पूर्व मंत्री जयसिंह ने अरूण साव को लिखा पत्र
कोरबा। शासन द्वारा स्वीकृत विभिन्न सडक़ निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाने के लिए शीघ्र निविदा जारी करने पूर्व राजस्व मंत्री ने प्रदेश के उप मुख्य मंत्री व लोक निर्माण मंत्री अरूण साव को पत्र लिखा है। जिसमें कोरबा क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे भारी वाहनों के दबाव से आम जनता को राहत पहुंचाने विभिन्न सडक़ों के शीघ्र निर्माण की मांग की गई है। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल द्वारा लिखे गए पत्र में कहा गया है कि दर्री बरॉज से बरमपुर तक लगभग 8.5 किलोमीटर लम्बाई की कैनाल रोड को 2 लेन सीसी रोड निर्माण किए जाने के लिए उनके द्वारा एसईसीएल प्रबंधन से 83 करोड़ राशि की स्वीकृति करवाई जा चुकी थी। प्रथम किस्त के तौर पर एसईसीएल प्रबंधन द्वारा कलेक्टर के माध्यम से शासन के पास राशि जमा भी करवा दिया गया है। प्रदेश में विधान सभा चुनाव के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता लागू हो जाने के कारण उक्त सडक़ निर्माण कार्य के लिए निविदा जारी नहीं करवाया जा सका था। इसी प्रकार कोरबा से चांपा को जोडऩे वाली सडक़ के लिए सीतामणी- कोरबा से उरगा स्थित होटल रिलैक्स इन के पास निर्माणधीन राष्ट्रीय राजमार्ग के मिलन बिन्दु तक 4 लेन सडक़ निर्माण कार्य पर अनुमानित लागत लगभग रू-130 करोड़ और सीएसईबी चौक से दर्री बरॉज तक तैयार हो चुके 4 लेन सीसी रोड के मार्ग में पडऩे वाले पुल-पुलिया के निर्माण कार्य हेतु अनुमानित लागत 36 करोड़ के लिए भी शासन द्वारा स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। इस 4 लेन सडक़ व पुल-पुलिया निर्माण कार्य की अनुमानित कुल लागत 166 करोड़ राशि की स्वकृति शासन द्वारा पहले ही प्रदान की जा चुकी है।
बाक्स
इलेक्शन कमेटी में जयसिंह शामिल
आखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणु गोपाल ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए छत्तीसगढ़ कांग्रेस चुनाव कमेटी की घोषणा की है। कमेटी में प्रदेश के 18 कांग्रेस नेताओं को स्थान दिया गया है। कोरबा से पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल को शामिल किया गया है। इसी वर्ष मई-जून माह में लोक सभा चुनाव होने है। छत्तीसगढ़ के सभी 11 सीटों के लिए कांग्रेस अभी से तैयारी शुरू कर कार्य योजना बनाने में जुट गई है। जिसे लेकर इलेक्शन कमेटी के सदस्यों की घोषणा की गई है। कमेटी में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत, पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिह देव, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, ताम्रध्वज साहू, रविन्द्र चौबे, मो. अकबर, शिव कुमार डहरिया, अनिला भेडिया, मोहन मरकाम, गुरू रूद्र कुमार, धनेन्द्र साहू, सत्यनारायण शर्मा, अमितेश शुक्ला, विकास उपाध्याय, राजेश शुक्ला, और पारस चोपड़ा सहित प्रदेश अध्यक्ष युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस अध्यक्ष, सेवादल अध्यक्ष आदि शामिल किये गये हैं।
![]()

