हत्या का प्रयास करने वाले 10 आरोपी भेजे गए जेल, कुख्यात बदमाश सहित तीन की सरगर्मी से हो रही तलाश, गढ़कलेवा में बातचीत के लिए पहुंचे युवकों पर किया था हमला
कोरबा। शातिर बदमाशों ने गढ़कलेवा में तीन युवकों पर हमला बोल दिया। इस दौरान लाठी डंडों के अलावा धारदार हथियार से वार किए गए। बदमाश युवकों को मृत समझ मौके से भाग निकले। मामले में पुलिस ने दस आरोपियों को अलग अलग जगह से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। उन्हें बलवा और हत्या के प्रयास के मामले में कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि मुख्य आरोपी सहित तीन की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।घटना सिविल लाइन रामपुर थानांतर्गत गढ़कलेवा में 27 जून की रात करीब 10 बजे घटित हुई थी। यहां मुड़ापार में रहने वाले फजल अली व फारूख खान अपने एक साथी के साथ काम के सिलसिले में बात करने पहुंचे, जहां पहले से ही कुख्यात बदमाश सूरज हथठेल मौजूद था। फजल और उसके साथ सूरज से बातचीत करते, इससे पहले झाडियों में छिपे विकास बाबू अपने साथियों के साथ बाहर आ गया। वे धारदार हथियार के अलावा चैन, लाठी, रॉड, चाकू, पाइप, डंडा से लैस थे। उनके बाहर आते ही सूरज ने फजल और उसके दोस्तों से गाली गलौच शुरू कर दी। उसने अपने रिश्तेदार की मौत का बदला लेने की बात कहते हुए विकास बाबू रोशन दास महंत 19 वर्ष, रितिक चुटैल सहित अपने अन्य साथियों के साथ फजल और उसके दोस्त पर हमला कर दिया। घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। बदमाश उन्हें मृत समझ मौके से भाग निकले। घटना में गंभीर तीनों युवकों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल दाखिल कराया गया। मामले में सिविल लाइन पुलिस ने मुनव्वर खान की रिपोर्ट पर हत्या के प्रयास की धारा 307, 34 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया। इस पूरे मामले को पुलिस कप्तान सिद्धार्थ तिवारी ने गंभीरता से लिया। उनके निर्देश एएसपी नेहा वर्मा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। टीम में जांच पड़ताल करते हुए आरोपियों की पतासाजी शुरू कर दी। इस दौरान खपरा भट्टा चौपाटी के पीछे रहने वाले आशु चुटेल उर्फ घोड़ा 18 वर्ष, शनि सिंह 21 वर्ष, साहिल खान 18 वर्ष के अलावा राहुल चौहान 22 वर्ष अटल आवास दर्री, धनिकेश सिंह 20 वर्ष पथरीपारा, शैलेष खड़िया 22 वर्ष न्यू रेलवे कालोनी, राहुल शर्मा 26 वर्ष आर्य शिशु मंदिर बुधवारी तथा लक्ष्मीनारायण देवांगन 20 वर्ष कांशी नगर को गिरफ्तार कर लिया। चूंकि हमलावरों की संख्या पांच से अधिक है। लिहाजा पुलिस ने धारा 307 व 34 के अलावा धारा 147, 148, 149, 294 व 25-27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि वारदात का मुख्य आरोपी सूरज हथठेल के अलावा अभिषेक गिरी उर्फ बाबूमणी व विकास बाबू उर्फ विकास हिमधर फरार हैं। पुलिस उनकी सरगर्मी से तलाश कर रही है।
![]()




























