कोरबा। हिन्दू नववर्ष के आगमन से एक दिन पूर्व कटघोरा नगर में भक्ति, उत्साह और सांस्कृतिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। कटघोरा नववर्ष स्वागत समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में राधासागर तालाब के चारों ओर 21 हजार दीप प्रज्वलित किए गए, जिससे पूरा सरोवर दीपों की स्वर्णिम रोशनी से जगमगा उठा। कार्यक्रम की शुरूआत गंगा आरती और शंखनाद के साथ हुई, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। जैसे ही दीप जलाए गए, तालाब का दृश्य अत्यंत मनमोहक हो गया और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक इस अलौकिक नजारे के साक्षी बनने के लिए तालाब किनारे एकत्रित हुए।
दीपोत्सव के पश्चात सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया, वहीं देर रात तक जगराता का आयोजन भी हुआ, जिसमें लोगों ने भक्ति संगीत का आनंद लिया। पूरे कटघोरा क्षेत्र में हिन्दू नववर्ष को लेकर विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिला। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्या भारती के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष जुड़ावन सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने सभी नागरिकों को हिन्दू नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए इस प्रकार के आयोजनों को सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बताया। कार्यक्रम में अधिवक्ता अशोक तिवारी, गोपाल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के चेयरमेन डॉ. गोपालबन गोस्वामी, मुरली साहू सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कटघोरा पुलिस द्वारा पूरे क्षेत्र में विशेष इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। हिन्दू नववर्ष पर 19 मार्च को सर्व समाज के तत्वावधान में अग्रसेन भवन से विशाल शोभायात्रा व बाइक रैली निकाली जाएगी। शाम को गोकुलधाम में कवि सम्मेलन के आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।
![]()

