कोरबा। इस्लाम धर्म का पवित्र महीना रमजान श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जा रहा है। उर्दू कैलेंडर के अनुसार 18 फरवरी को चांद दिखाई देने के बाद 19 फरवरी से पहला रोजा रखा गया और यह सिलसिला 30 दिनों तक जारी रहेगा। रमजान का यह पाक महीना 20 मार्च तक चलेगा। इसके बाद चांद दिखाई देने पर ईद-उल-फितर की नमाज मस्जिदों व ईदगाहों में अदा की जाएगी और ईद का त्योहार मनाया जाएगा। रमजान के इस महीने में मुस्लिम समाज में खासा उत्साह और धार्मिक माहौल देखने को मिल रहा है। मार्च महीने की भीषण गर्मी में रोजा करीब 13 घंटे से अधिक का हो रहा है। तापमान लगभग 35 डिग्री तक पहुंच रहा है, इसके बावजूद लोगों की आस्था में कोई कमी नहीं दिख रही है। खास बात यह है कि इस बार छोटे-छोटे बच्चे भी बड़े उत्साह के साथ रोजा रख रहे हैं। स्कूलों में परीक्षाओं का दौर चलने और गर्मी के बावजूद बच्चे पूरे हौसले के साथ रोजा रखकर इबादत कर रहे हैं, जो काबिले तारीफ है। हम्मद रजा पिता अल्ताफ हुसैन उम्र 3 वर्ष निवासी रजगामार ने रमजान का पहला रोजा पूरा किया। मुस्लिम धर्म गुरुओं ने बताया कि रमजान इबादत, रहमत और परहेजगारी का महीना है। इस महीने में लोग पूरे मन से रोजा रखते हैं और दिनभर अल्लाह की इबादत करते हैं। रोजे की शुरुआत सुबह करीब 4 बजे सहरी से होती है, जिसमें हल्का भोजन किया जाता है। इसके बाद पूरे दिन बिना खाए-पीए रोजा रखा जाता है और शाम करीब 6 बजे के बाद तय वक्त पर इफ्तार के साथ रोजा खोला जाता है।
![]()

