Sunday, February 1, 2026

5वीं और 8वीं के प्रश्न पत्र बनाने गोपनीयता का रखना होगा ख्याल, विद्यार्थियों के रिश्तेदार शिक्षक मॉडरेशन समिति में नहीं होंगे शामिल

Must Read

कोरबा। जिला समेत प्रदेश के सभी जिलों में 5वीं और 8वीं की एकीकृत वार्षिक परीक्षा 16 व 17 मार्च से शुरू होगी। प्रश्न-पत्र निर्माण समिति से प्राप्त प्रश्न-पत्रों के मॉडरेशन के लिए जिला स्तरीय संचालन समिति द्वारा मॉडरेशन समिति का गठन किया जाएगा। जिनके बच्चे या रिश्तेदार दोनों कक्षाओं की परीक्षा में अगर शामिल होने वाले हैं, तो उन शिक्षकों को मॉडरेशन समिति का सदस्य नहीं बनाया जाएगा, क्योंकि प्रश्न पत्र का निर्माण पूर्ण गोपनीयता से कराने कहा गया है। गोपनीयता भंग होने की शिकायत मिलने पर इसकी जांच की जाएगी। शिकायत सही मिली तो अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
लोक शिक्षण संचनालय ने प्रश्न-पत्र तैयार करने की प्रक्रिया भी निर्धारित कर रखी है। इसके अनुसार कक्षा 5वीं में कुल 50 अंक होंगे, जिसमें 40 अंक लिखित परीक्षा और 10 अंक प्रायोजना कार्य के होंगे। इसी तरह कक्षा 8वीं में कुल 100 अंक होंगे, जिसमें 80 अंक लिखित परीक्षा और 20 अंक कार्ययोजना कार्य के लिए होंगे। प्रश्न-पत्र का निर्माण जिला स्तरीय समिति द्वारा तय किए गए विषय शिक्षक करेंगे।मॉडरेशन समिति के बाद प्रत्येक विषय के तीन सेट हिंदी अथवा अंग्रेजी माध्यम फाइनल कर जिला स्तरीय समिति को सौंपेंगी। इनमें से एक प्रश्न-पत्र वार्षिक परीक्षा के लिए डीईओ द्वारा जिला स्तरीय संचालन समिति की अनुशंसा पर प्रिंट कराएंगे। परीक्षा की तैयारी को लेकर शिक्षा विभाग जुटा हुआ है। लोक शिक्षण संचालनालय के उप संचालक ने कहा है कि संस्कृत विद्यामंडलम व मदरसा बोर्ड में कुछ विषय अलग रहते हैं। जिनके प्रश्न-पत्र छग मदरसा बोर्ड और छग संस्कृत विद्या मंडलम द्वारा किए जा रहे हैं। इन विषयों से संबंधित छात्रों के लिए प्रश्न-पत्र, छात्र संख्या, परीक्षा केन्द्र व अन्य जानकारियां इन संस्थाओं से लेने कहा गया है। संस्कृत विद्यामंडलम के स्कूलों के लिए 5वीं के लिए संस्कृत और हिंदी-अंग्रेजी का संयुक्त प्रश्न-पत्र (कुल 2 प्रश्न-पत्र) और 8वीं के लिए व्याकरण व साहित्यम, व्यावसायिक संस्कृत और हिंदी-अंग्रेजी का संयुक्त प्रश्न (कुल 3 प्रश्न-पत्र) पत्र होगा।
बॉक्स
निकटवर्ती थाना में रखवा जाएगा प्रश्न-पत्र
परीक्षा के लिए प्रत्येक संकुल को प्रश्न-पत्र वितरण का केन्द्र बनाया गया है। इसके प्रभारी संकुल प्राचार्य होंगे। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी संकुल प्राचार्यों को उनके संकुल के अधीन परीक्षा केन्द्रों के प्रश्न-पत्र सौंपे जाएंगे। संकुल प्राचार्य द्वारा प्रश्न-पत्रों को सीलबंद पेटी में निकटवर्ती थाना में रखवा जाएगा और परीक्षा तिथि में थाने से प्रश्न-पत्र प्राप्त कर केन्द्राध्यक्ष को परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले प्रश्न-पत्र सौंपने की जिम्मेदारी दी है। सभी प्राइमरी व मिडिल स्कूल परीक्षा केन्द्र होंगे, जहां केन्द्राध्यक्ष किसी अन्य निकटतम स्कूल के प्रधान पाठक, प्रभारी प्रधान पाठक या वरिष्ठ शिक्षक होंगे।

Loading

Latest News

5 और पुल चोर गिरफ्त में, अब तक 15 पकड़ाए, फरार चल रहे आरोपियों को पकड़ने में मिली कामयाबी

कोरबा। शहर के रशियन हॉस्टल के पास नहर पुल की लोहे की रेलिंग चोरी मामले में पहले 10 आरोपियों...

More Articles Like This