कोरबा। आठवीं कक्षा के मेधावी छात्रों के लिए राष्ट्रीय साधन सह-प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा 2025-26 आयोजित की जाएगी। परीक्षा में चयनित छात्रों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक प्रतिमाह एक हजार रुपए छात्रवृत्ति दी जाएगी। छत्तीसगढ़ के लिए इस योजना में 2246 सीटों का कोटा तय किया गया है। परीक्षा 2 मई को होगी। योजना का संचालन भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग, नई दिल्ली द्वारा किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर ने इस संबंध में प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र भेजा है। इसमें अधिक से अधिक छात्रों से आवेदन भरवाने के निर्देश दिए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारियों ने भी सभी प्राचार्य और संस्था प्रमुखों को पत्र भेजा है। परीक्षा में शामिल होने के लिए छात्रों से ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन मंगाए गए हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 20 मार्च है। शासन द्वारा संचालित शासकीय विद्यालय, शासकीय अनुदान प्राप्त विद्यालय और स्थानीय निकाय विद्यालय में सत्र 2025-26 में कक्षा 8वीं में अध्ययनरत विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हो सकते। इसके लिए छात्र का पिछली कक्षा (7वीं) में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक से उत्तीर्ण होना जरूरी है। एससी और एसटी छात्रों को 5 प्रतिशत की छूट दी गई है। इसके साथ ही छात्र हैं। के माता, पिता या पालक की वार्षिक आय सभी स्रोतों से 3 लाख 50 हजार रुपए से अधिक नहीं होनी चाहिए। पिछले साल 2024-25 के परिणाम में कई परीक्षार्थी परीक्षा पास करने के बाद भी चयन सूची से वंचित और अपात्र हो गए थे।
![]()

