9 दिन बाद मिली बहकर लापता इंजीनियर की लाश
कोरबा। हसदेव नदी में पिकनिक मनाने गया इंजीनियर डूबकर लापता हो गया था। लगातार उसकी तलाश चल रही थी। खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल रहा था। घटना के 9 दिन बाद लापता इंजीनियर की लाश को रेस्क्यू टीम ने चिचोली के समीप से बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है। हसदेव नदी में स्नान के दौरान डूबे युवक की तलाश जारी थी।स्टेट डिजास्टर रेस्पॉन्ड फोर्स की टीम और उरगा पुलिस के प्रशिक्षित गोताखोर भी युवक की तलाश में जुटे रहे। उसके बाद भी सफलता नहीं मिल पा रही थी। ग्राम चिचोली में हसदेव नदी में यह घटना हुई। नदी में डूबकर लापता युवक आदर्श सिंह पिता मिथिलेश सिंह उत्तर प्रदेश के अयोध्या संभाग के अंतर्गत आने वाले सुल्तानपुर जिले का निवासी था। वह निजी क्षेत्र की टेलीकॉम कंपनी में टावर इंस्टॉलेशन से संबंधित कामकाज में लगा हुआ था। इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियर आदर्श पिछले कुछ समय से इस क्षेत्र में सेवाएं दे रहा था। अपने कुछ दोस्तों के साथ आदर्श 9 दिन पहले मंगलवार की दोपहर इस क्षेत्र में आया हुआ था, जहां पर वे लोग पिकनिक मना रहे थे। नदी के सौंदर्य ने युवकों को आकर्षित किया और इसके साथ वे स्नान के लिए उतर गए। जिस क्षेत्र में वे पहुंचे थे वहां पर नदी की गहराई काफी ज्यादा है और यहां पर पहले हादसे हो चुके हैं। नदी में उतरने के दौरान आदर्श भंवर में फंसने के बाद लापता हो गया, जिससे उसके साथ पिकनिक मनाने आए युवक परेशान हो गए। इस बारे में अपनी कंपनी के साथ-साथ पुलिस को अवगत कराया गया। लापता युवक की खोज की गई। 9वें दिन उसकी लाश नदी से बरामद कर ली गई है।
![]()

