40 से अधिक किसानों की फसल को हाथियों ने रौंदा, परला पहाड़ पर डाला है डेरा, थर्मल ड्रोन से हो रही निगरानी
कोरबा। वन मंडल कटघोरा के केंदई रेंज में घूम रहे 42 हाथियों के झुंड ने 40 से अधिक किसानों के धान की फसल को चौपट कर दिया। दंतैल अभी परला पहाड़ पर है। रात के समय भी थर्मल ड्रोन से निगरानी की जा रही है।दंतैल को एलीफेंट रिजर्व तमोर पिंगला ले जाने पर विचार किया जा रहा है। हाथियों का झुंड अब दिन में भी धान की फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। सबसे अधिक खतरा लोगों को दंतैल हाथी से है, जो रोज अलग-अलग क्षेत्र में पहुंच रहा है। हाथी शाम को नेशनल हाइवे पर चोटिया टोल प्लाजा के पास खेत में नजर आया था। इसके बाद पहाड़ पर चढ़ गया है।शनिवार को वन संरक्षक वाइल्ड लाइफ सरगुजा केआर बराही, डीएफओ कुमार निशांत ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया था। 1 महीने के भीतर ही हाथी पांच लोगों को मार चुके हैं। दंतैल ने अकेले ही चार लोगों को पटककर मारा है। इस वजह से ही उसे पकड़कर तमोर पिंगला के एलीफेंट रेस्क्यू सेंटर में ले जाने पर विचार किया जा रहा है। हाथियों के लगातार घूमने से हो रहे नुकसान के कारण ग्रामीणों में भी आक्रोश है। रेंजर अभिषेक दुबे ने बताया कि हाथियों की निगरानी की जा रही है। फसल को नुकसान पहुंचने पर क्षति का आकलन भी किया जा रहा है।
![]()

