कोयलांचल की दो जर्जर सड़क के बहुरेंगे दिन, कबीर चौक से गेवरा बस्ती हनुमान चौक होते हुए विश्रमापुर तक बनेगी सड़क
कोरबा। जिले के कुसमुंडा क्षेत्र अंतर्गत गेवरा बस्ती की दो सड़क बेहद जर्जर हो चुकी है। इन सड़कों का नए सिरे से निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। जिसमें एक मार्ग कबीर चौक से गेवरा बस्ती हनुमान चौक होते हुए विश्रमापुर तक बनेगी। वहीं दूसरी सड़क हनुमान चौक गेवरा बस्ती से पंतोरा जाने वाले मार्ग का बस्ती के भीतर लगभग 2 किलोमीटर तक नए सिरे से निर्माण होगा। कबीर चौक से विश्रामपुर तक बनने वाले मार्ग की लागत लगभग 1 करोड़ 16 लाख रुपए होगी। यहां डामरीकृत मार्ग बनाया जाएगा, वहीं गेवरा बस्ती के भीतर बनने वाले मार्ग की लागत 2 करोड़ 35 लाख रुपए की होगी। यह पूर्ण रूप से सीसी सड़क बनेगी, जिसमें सड़क के साथ साथ नाली का भी निर्माण कराया जाएगा। ये दोनों मार्ग एसईसीएल कुसमुंडा के द्वारा बनाई जाएगी। बारिश की वजह से इस मार्ग में कई स्थानों पर तालाब बन जाते हैं। ऐसे में लोगों को आवागमन के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। गेवरा बस्ती वार्ड पार्षद अजय प्रसाद द्वारा इन मार्गों के नवनिर्माण के लिए लगातार प्रबंधन के साथ पत्राचार किया जाता रहा है। वहीं कुसमुंडा प्रबंधन द्वारा एसईसीएल के उच्च अधिकारियों को इस व्यापक समस्या से अवगत कराया गया। अधिकारियों ने समस्या को समझते हुए फंड देने की बात कही गई। जिसके बाद सड़कों के टेंडर की प्रकिया का रास्ता खुला। फिलहाल गेवरा बस्ती अंदर सीसी रोड के काम का टेंडर हो चुका है, कुछ कागजी प्रक्रिया पूर्ण करने के ही साथ बरसात के तुरंत बाद काम शुरू हो जाएगा। वहीं कबीर चौक से विश्रमापुर मार्ग के लिए टेंडर जारी हुआ है। इस मार्ग का नवनिर्माण कार्य नवंबर दिसंबर तक शुरू होने की संभावना है। बीते दिन कुसमुंडा हाउस में हुई बैठक में कटघोरा एसडीएम ऋचा सिंह ने भी इस मार्ग की जर्जर हालत को देखते हुए एसईसीएल कुसमुंडा को सड़क निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू करने के निर्देश दिए थे।
![]()

