आर्थिक जनगणना सूची से नहीं नाम गायब,पीएम आवास से वंचित हो रहे ग्रामीण, की शिकायत
कोरबा। आर्थिक जनगणना सूची से ग्रामीणों का नाम गायब है। सूची में नाम नहीं होने के कारण ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित होना पड़ रहा है। अधिकारियों की लापरवाही के कारण ग्रामीणों के खुद के आशियाने का सपना चकनाचूर होने की कगार पर है। जिसे लेकर उन्होंने अपना दुखड़ा कलेक्टर को सुनाया है। जन चौपाल में पहुंचे लोग ग्राम पंचायत बुढ़ियापाली (बंगलाभांठा) वार्ड क्रं 06 के निवासी हैं। ग्राम पंचायत के ग्रामीणों की समस्या तब बढ़ गई जब आर्थिक जनगणना में उनका नाम ही नहीं है। प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए आर्थिक जनगणना सूची में हितग्राही का नाम होना आवश्यक है। ऐसे में अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा गरीब लोगों को भुगतना पड़ रहा है। शिकायत लेकर पहुंचे ग्रामीण ने बताया कि मोहल्ले के लोगों का नाम सूची में शामिल नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि वे अत्यंत गरीब परिवार से वास्ता रखते हैं। उन्होंने कलेक्टर से मांग करते हुए कहा है कि आर्थिक जनगणना सूची में उनका नाम शामिल करते हुए उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाए।
![]()

