त्योहारी सीजन में बिगड़ेगी नगर की यातायात व्यवस्था, फुटपाथ पर कब्जा, पैदल चलने भी नहीं मिल रही जगह
कोरबा। आगामी दिनों में त्योहारी सीजन की शुरुआत होने जा रही है। सीजन में व्यावसायिक गतिविधियां पिक पर रहेगी। ऐसे में बाजार में भीड़ बढऩा लाजमी है, लेकिन सीजन में नगर की यातायात व्यवस्था बिगडऩा तय है। फुटपाथ पर व्यापारियों ने कब्जा कर लिया है, जिसके कारण पैदल चलने भी जगह नहीं मिल रही है। नगर निगम के द्वारा नागरिक सुविधाओं को बढ़ाते हुए शहर में फुटपाथ का निर्माण किया गया है, लेकिन वर्तमान में इन स्थानों पर पूर्ण रूप से व्यापारियों का कब्जा है। शहर के कई स्थानों पर फुटपाथ की जगह कई दुकानें दिखाई देती हैं, तो कहीं पर सडक़ किनारे दुकानदारों ने फुटपाथ पर ही कब्जा कर लिया है। यह क्रम सालों से चला आ रहा है। कई स्थानों पर दुकानदारों ने फुटपाथ को ही पार्किंग बना रखा है। यहां पर ग्राहक अपनी वाहन खड़ी करते हैं। लंबे समय से कड़ी कार्रवाई न होने के कारण फुटपाथ पर कब्जा करने वालों की तादाद बढ़ती ही जा रही है। शहर में सुगम यातायात व्यवस्था के लिहाज से फुटपाथ को खाली रहना चाहिए। शहर के किसी भी कोने में चले जाएं तो फुटपाथ केवल नाम के रह गए हैं। सुबह के समय खाली दिखने वाला फुटपाथ दोपहर और शाम होते तक भर जाता है। जानकर हैरत होगी कि शहर में ठेले, पसरे, रेवड़ी की संख्या 18 हजार के करीब जा चुकी है। इसमें से करीब दो से तीन हजार पसरे सब्जी के हैं जो अलग-अलग बाजारों में लग रहे हैं, शेष ठेले व पसरे शहर की सडक़ों, फुटपाथ और पार्किंग में लग रहे हैं। बीते कुछ महीनों से शहर में फल, सब्जी, नारियल पानी, मोबाइल एसेसरिज, चाय नास्ते, घरेलू साज सज्जा, आइसक्रिम, नॉनवेज, जूस, कपड़े समेत कई तरह के ठेलों की संख्या में कई गुना इजाफा हो गया है। आगामी दिनों में दुर्गा पूजा,दशहरा सहित दीपावली एवं छठ पूजा के त्यौहार आने वाले हैं। जिसके लिए खरीदारी हेतु बाजार में भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में अगर समय रहते फुटपाथ को व्यवस्थित नहीं किया गया तो प्रतिदिन दुर्घटना की संभावना बनी रहेगी एवं शहर के लोग अप्रत्याशित रूप से यातायात जाम का सामना करेंगे।
बॉक्स
यहां है समस्या, कब हटेगा कब्जा
घंटाघर चौक से स्मृति उद्यान के सामने पार्किंग के लिए छोड़ी गई लगभग 80 फीट चौड़े पार्किंग में जूते-चप्पल, फल, जूस, नास्ता सेंटर संचालित हो रहे, गाडिय़ां सडक़ पर खड़ी हो रही हैं। स्मृति उद्यान से लेकर निगम के चार बड़े काम्पलेक्स के सामने पार्किंग में अधिक संख्या में फल व सब्जी ठेल लग रहे। पावर हाउस रोड से लेकर नहर चौक तक सडक़ किनारे ठेलों की वजह से आएदिन जाम की स्थिति बन रही है। ओवरब्रिज से लेकर पुराना बस स्टैंड तक भी अवैध ठेलों से बन रही जाम की स्थिति, है।
![]()

