बुलेट में मॉडिफाई साइलेंसर से पटाखे की आवाज निकालना पड़ेगा भारी
कोरबा। आचार संहिता नजदीक होते ही पुलिसिंग सख्त होने लगी है। जिसका नजारा शहर के ट्रांसपोर्टनगर समेत अन्य चौक चौराहों पर दिखने लगा है। जहां ट्रैफिक डीएसपी शिवचरण सिंह परिहार के साथ उनका पूरा अमला दोपहिया वाहनों की जांच में अभियान में जुट गया है। पुलिस टीमों के टार्गेट में बुलेट और मोटर साइकिल है, वह इसलिए क्योंकि ज्यादातर बुलेट चलाने वाले किशोर और युवा वर्ग के होते हैं जिसमें ज्यादातर ने साइलेंसर मॉडिफाई करवा लिया है। ऐसे बुलेट चलाने पर पटाखे की आवाज निकलती है। इसके लिए पुलिस टीम ने साथ में मोटर मिस्त्री भी रखा जा रहा है जो पकड़े गए बुलेट के साइलेंसर व हार्न का परीक्षण कर रहे है। जिससे साइलेंसर मॉडिफाई व प्रेशर हार्न लगे की होने की पुष्टि हो सके।इसके साथ ही ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट व तेज गति से चलाते हुए सिग्नल जंप करने वाले वाहनों चालकों पर भी कार्रवाई की जा रही है। लंबे समय बाद शहर के भीतर इस तरह की कार्रवाई शुरू होने से यातायात नियमों को ठेंगा दिखाते हुए दोपहिया वाहन चलाने वाले लोगों में हडक़ंप मच गया है। ट्रैफिक डीएसपी परिहार के मुताबिक बुलेट बाइक से पटाखे की तरह आवाज निकालकर राहगीरों के बीच दहशत फैलाने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी।
![]()

