ऊर्जाधानी सन्गठन ने गांव में राजस्व शिविर लगाने की रखी मांग, ग्राम रतिजा का मिसल बंदोबस्त , भू-नक्शा 20 वर्षों से गायब- कुलदीप
कोरबा। शासन द्वारा हर विभाग को ऑनलाइन की सुविधा से जोडऩे का दम्भ भरा जाता है, किंतु पिछले 20 वर्षो से किसी ग्राम पंचायत का पूरा मिसल और नक्शा गायब होने के बावजूद पूरा सिस्टम लाचार नजर आता है। जिले के हरदी बाजार तहसील पाली अनुभाग अन्तर्गत आने वाले ग्राम पंचायत रतिजा का मिसल बन्दोबस्त और भू-नक्शा पिछले 20 वर्षों से गायब हो जाने के कारण ग्रामीण कई तरह की समस्याओं से परेशान है। जिसकी सुध लेने न तो विधायक सामने आए और न जिले के राजस्व मंत्री ने पहल किया। जिसके कारण लोंगो को भटकना पड़ रहा है। जानकारी होने पर ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान और राजस्व दस्तावेज दुरुस्त करने की मांग करते हुए ऊर्जाधानी भूविस्थापित किसान कल्याण समिति की ओर से अनुविभागीय राजस्व अधिकारी पाली को ज्ञापन सौंपा गया है। उपरोक्त सम्बंध में संगठन के अध्यक्ष सपुरन कुलदीप ने बताया कि विगत दिनों ग्रामीणों के साथ बैठक आयोजित किया गया था, जिसमें यह बातें सामने आया था। जिसमें पता चला कि वर्ष 2004 के बाद रतिजा का राजस्व दस्तावेज गायब कर दिया गया है। मिसल और नक्शा नहीं होने के कारण किसानों का जमीन सबंधी काम लटक गया है। नामांतरण, बटांकन , खरीद बिक्री सहित जाति प्रमाण पत्र भी नही बन पा रहा है । श्री कुलदीप ने बताया कि उन्हें जानकारी दी गयी है कि दो वर्ष पूर्व एक किसान ने अपनी 4 एकड़ भूमि 14 लाख रुपये में बिक्री किया था, किंतु उसका नामन्तरन इसी कारण से नही हो पाया और मुआवजा राशि से खरीदी करने वाला भूविस्थापित ठगा महसूस कर रहा है। ग्रामीणों ने खुलासा करते हुए बताया है कि जब रातिजा में वाशरी का प्लांट लगाया गया था। उसी समय यह खेल रचा गया और पूरी रिकार्ड गायब कर दी गयी है, जिसकी जांच होनी चाहिए । उन्होंने बताया कि जिन सभी विभाग और जनप्रतिनिधियों से इस समस्या के निराकरण के लिये मांग कर थक चुके है पर न्याय नही मिला।
बाक्स
कानून और सडक़ की लड़ाई के लिए बनाई गई रणनीति
ऊर्जाधानी भूविस्थापित किसान कल्याण समिति के अध्यक्ष सपुरन कुलदीप ने जानकारी दिया है कि संबंधित कार्यलय से ग्राम रतिजा के राजस्व रिकार्ड की जानकारी की मांग की गई है। राजस्व रिकार्ड, मिसल व नक्शा उपलब्ध नही कराया जाता है तो हाईकोर्ट की शरण मे जाएंगे। साथ ही राजस्व कार्यालय से आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विशेष ग्राम सभा का आयोजन करने का निर्णय लिया गया है जिसमें प्रस्ताव पारित कर इस समस्या का समाधान की मांग कलेक्टर से किया जायेगा।
![]()




























