लोको पायलट से मारपीट करने वाले आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा
कोरबा। हटरी से सब्जी लेकर घर लौट रहे लोको पायलट का बदमाशों ने रास्ता रोक लिया। वे शराब के लिए पांच सौ रूपए की मांग करने लगे। रेलकर्मी ने रकम देने से इंकार किया तो उसकी जमकर पिटाई कर दी। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें वैधानिक कार्रवाई उपरांत न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। कोतवाली अंतर्गत अमरैया पारा में लोको पायलट धीरज कुमार शर्मा 30 वर्ष निवास करता है। वह पांच जनवरी की शाम सब्जी लेने सीतामढ़ी हटरी आया हुआ था। वह सब्जी लेकर लौट रहा था। इसी दौरान इमलीडुग्गु फाटक के समीप चार बदमाशों ने उसका रास्ता रोक लिया। वे लोको पायलट से शराब पीने के लिए पांच सौ रूपए की मांग करने लगे। लोको पायलट ने रकम देने से मना किया तो युवक आक्रोशित हो गए। उन्होंने रेलकर्मी की जमकर पिटाई कर दी। जिससे रेलकर्मी को गंभीर चोटें आई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के कान खड़े हो गए। नगर कोतवाल अभिनव कांत सिंह ने एएसआई अजय सिंह के नेतृत्व में आरोपियों की तलाश के लिए टीम रवाना कर दिया। टीम को पतासाजी के दौरान आरोपियों के संबंध में अहम जानकारी हाथ लगी। जिसके आधार पर पुलिस ने इमलीडुग्गु निवासी शिवम दास महंत उर्फ बबली के अलावा सम्राट चौहान शारदा बिहार अमरैया पारा, अमन साहू रानी रोड कोरबा व आदी उर्फ मन्नु मरावी को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। मामले में पुलिस ने धारा 294,506,327,34 के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
![]()

