मौसम के बदले मिजाज, कोल्ड डे से ठिठुरे लोग
कोरबा। जिले का मौसम बदला हुआ है। शनिवार सुबह ठंड के कारण हिल स्टेशन जैसा नजारा देखने को मिला। बादल छाए रहने से दिन में भी ठंड का अहसास हुआ। लोग गर्म कपड़ों में नजर आए। इस सीजन का शनिवार को सबसे ठंडा दिन रहा। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण शुक्रवार के बाद शनिवार को भी दिनभर बादल छाए रहे। इस कारण दिन का तापमान सभी जगहों पर काफी नीचे गिर गया। दिनभर ठंड का अहसास हुआ। वहीं नमी के कारण रात का तापमान सामान्य से ऊपर चला गया है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अगले दो-तीन दिन मौसम शुष्क रहेगा। तापमान में बहुत ज्यादा अंतर आने की संभावना नहीं है। 22 जनवरी से संभाग में कहीं-कहीं पर हल्की बारिश होने की संभावना है। कहीं-कहीं पर बूंदाबांदी हो सकती है।अंदरुनी कर्नाटक से पूर्वी विदर्भ तक एक द्रोणिका बनी हुई है। इसके असर से प्रदेश में बड़ी मात्रा में नमी आ रही है। इस नमी के कारण उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश हुई। शुक्रवार को बारिश तो नहीं हुई, लेकिन नमी की मात्रा अधिक होने के कारण दिनभर घने बादल छाए रहे। शुक्रवार को दिनभर छाए रहे बादलों के कारण दिन का तापमान कम हो गया है। कोरबा में पारा इतना नीचे गिर गया कि नया आल टाइम रिकार्ड बन गया है। दिन का तापमान इतना कम कभी नहीं रहा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।इसके बाद अधिकतम तापमान का न्यूनतम स्तर बढ़ता गया है। यानी शुक्रवार और शनिवार को कोरबा में दर्ज किया गया तापमान अब तक का अधिकतम तापमान का सबसे न्यूनतम स्तर हो गया। इसे सामान्य अर्थ में यह कह सकते हैं कि कोरबा पहली बार दिन में इतना ठंडा रहा है।
बॉक्स
किसानों को सता रही चिंता
विगत 15 दिनों से मौसम साफ होने के कारण ग्रामीण क्षेत्र के लोग खेती किसानी में जुट गए थे, जिससे कुछ लोग धान बेचने में लगे थे, तो कुछ लोग खेत मुंगफली व अन्य फसल लगाने के लिए खेत तैयार कर रहे थे। साथ ही गई जगहों पर मुंगफली की बुआई भी हो गई थी। ऐसे में हल्की बारिश होने के बाद खेतों में नमी आ गई है, जिससे अब किसानों को मुंगफली बीज सडऩे का भय सताने लगा है। साथ ही जो किसान सिर्फ खेत तैयार किए थे, उनको अब फिर से जुताई कराना पड़ेगा। जिससे यह हल्की बारिश ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है।
बाक्स
23 व 24 को बारिश के आसार
इन दिनों हर सप्ताह मौसम में बदलाव हो रहा है। जिसको देखते हुए मौसम विभाग की मानें तो अगले 23 व 24 जनवरी को फिर एक ट्रफ बनने की संभावना है, जिससे हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। साथ ही बारिश होने के बाद न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है।
![]()

