सोशल मीडिया में चल रहे संदेश ने विद्यार्थियों में बढ़ाया भ्रम, अधिसूचना अपलोड होने के बाद स्थिति होगी साफ
कोरबा। एयू ने स्नातक व स्नातकोत्तर के नामांकन व परीक्षा आवेदन की ऑनलाइन आवेदन की तिथि बढ़ा दी है। इसकी सूचना अपलोड की गई है, लेकिन वेबसाइट में तकनीकी खराबी की वजह से अधिसूचना डाउनलोड नहीं कर पाए। इसे लेकर विद्यार्थी काफी परेशान हुए। हालांकि सोशल मीडिया में बिना विलंब शुल्क के पांच फरवरी तक तिथि बढ़ाने की सूचना वायरल होती रही। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर संबद्ध जिले में 21 शासकीय व निजी महाविद्यालय संचालित है। 30 दिसंबर से स्नातक के बीए, बी.कॉम, बीएससी, बीसीए के प्रथम, द्वितीय एवं अंतिम और स्नातकोत्तर के एमए, एम.कॉम, एमएससी सहित अन्य संकाय के पूर्व और अंतिम वर्ष में अध्ययनरत नियमित व स्वाध्यायी परीक्षार्थियों के मुख्य परीक्षा और नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई थी। एयू ने 18 जनवरी को अंतिम तिथि निर्धारित किया गया था। बताया जा रहा है कि जिले में लगभग 18 हजार से अधिक विद्यार्थी नियमित रुप से अध्ययन कर रहे हैं। इसके अलावा स्वाध्यायी विद्यार्थियों में परीक्षा को लेकर उत्साह है। लेकिन कई विद्यार्थियों ने पूर्व में निर्धारित तिथि 18 जनवरी तक ऑनलाइन की प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके।इस संबंध में एयू ने अधिसूचना जारी कर तिथि बढ़ा दी है। परीक्षार्थी अब बिना विलंब शुल्क के आवेदन की प्रक्रिया पूरी करने की तिथि की जानकारी के लिए अधिकृत वेबसाइट पर अधिसूचना डाउनलोड करने का प्रयास करते रहे, लेकिन अधिसूचना डाउनलोड नहीं हो सकी। हालांकि सोशल मीडिया में आवेदन की तिथि बढऩे से संबंधित एक संदेश वायरल हो रही है। इसमें बिना विलंब शुल्क के साथ अंतिम तिथि पांच फरवरी तक बताया गया है। वहीं विलंब शुल्क के साथ 10 फरवरी तक अंतिम तिथि का उल्लेख किया गया। तिथि बढऩे से किसी कारण से आवेदन की प्रक्रिया पूरी करने से वंचित विद्यार्थियों को राहत मिली है। इस संबंध में विद्यार्थी अधिक जानकारी के लिए महाविद्यालय प्रबंधन से भी संपर्क कर सकते हैं।
![]()

