पाली महोत्सव का शुभारंभ आज, उपमुख्यमंत्री अरूण साव होंगे शामिल
कोरबा। जिला प्रशासन द्वारा पाली महोत्सव 2024 के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। महाशिवरात्रि पर्व एवं अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च को होने पर जिला प्रशासन द्वारा पाली महोत्सव का आयोजन महिलाओं को सशक्त बनाने की थीम पर रखा गया है। महोत्सव में महत्वपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम हेतु महिला गायकों को आमंत्रित की गई है। पाली महोत्सव का शुभारंभ 7 मार्च को शाम 6 बजे पाली महोत्सव मैदान ग्राम पंचायत केराझरिया में किया जायेगा। कार्यक्रम का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री अरूण साव के मुख्य आतिथ्य तथा श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन की अध्यक्षता में किया जाएगा। इस दौरान विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद ज्योत्सना चरण् दास महंत, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम, रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष शिवकला कंवर, जनपद अध्यक्ष पाली दुलेश्वरी सिदार, नगर पंचायत पाली अध्यक्ष उमेश चंद्रा और सरपंच केराझरिया सत्यनारायण पैंकरा होंगे। वही 7 मार्च को सांस्कृतिक कार्यक्रम में शाम 6:30 बजे से पद्मश्री हास्य कवि डॉ. सुरेंद्र दुबे, पद्मलोचन शर्मा, रामानंद त्रिपाठी, अभिषेक पांडे, कवित्री सोमप्रभा तिवारी व वीर रस कवि देवेन्द्र परिहार अपनी प्रस्तुति देंगे। रात्रि 8 बजे से बॉलीवुड सिंगर सोना महापात्रा सुरों की छठा बिखेरेंगी। इसके साथ ही लोक कलाकार अश्विका साव, गायक थिरमन दास महंत, दुर्गेश साहू व गायक अतीश अपनी प्रस्तुति देंगे। 8 मार्च को शाम 6 बजे से छत्तीसगढ़ी गायक अनुराग शर्मा, छत्तीसगढ़ी अभिनेत्री शालिनी विश्वकर्मा अपनी प्रस्तुति देंगे। शाम 7:30 बजे बॉलीवुड सिंगर मोनाली ठाकुर गीतों की प्रस्तुति देंगी। इसके साथ ही तबला वादक मोरध्वज वैष्णव, कत्थक नृत्यांगना इशिता कश्यप, लोक गायक नंदलाल रजक तथा गायक अनिल नागवंशी अपनी प्रस्तुति देंगे।
![]()

