प्रेमिका की शादी से क्षुब्ध प्रेमी ने लगाई फांसी
कोरबा। प्रेमिका की दूसरे युवक से शादी हो जाने के कारण प्रेमी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले में जांच कर रही है। कोरबा-चांपा मार्ग किनारे उरगा थाना अंतर्गत स्थित बरबसपुर में गुरुवार को राहुल कुमार पटेल (22) ने फांसी लगा ली। परिजन की सूचना पर उरगा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्णकुमार वर्मा की सूचना पर सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट के वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. सत्यजीत सिंह कोसरिया भी घटनास्थल पहुंचे, जहां मौका व शव निरीक्षण किया गया। जिसमें प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हुआ। मर्ग कायम कर शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी भेजा गया। घर पर सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस की प्रारंभिक जांच में राहुल कुमार का एक युवती से प्रेम संबंध होना और कुछ दिन पहले ही उसकी शादी होने का पता चला। प्रेमिका की दूसरे युवक से शादी होने के कारण उसने फांसी लगा ली।
![]()




























