शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर पुलिस की कार्यवाही, साढ़े सात माह में 1305 लापरवाह चालकों पर की गई कार्रवाई, 97 लाख 59 हजार 400 रुपए जुर्माना किया गया वसूल
कोरबा। सडक़ दुर्घटनाओं को देखते हुए पुलिस के द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर लगातार कार्यवाही की जा रही है। साल में अब तक 1305 लोगों पर एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की है। जो वर्ष 2022 में की गई कुल कार्यवाही से 300 और 2023 से 392 फीसदी से अधिक है। नियम तोडऩे वाले चालकों से 97 लाख 59 हजार 400 रुपए जुर्माना वसूल किया गया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर बढ़ते यातायात दुर्घटनाओं को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूबीएस चौहान एवं नेहा वर्मा के पर्यवेक्षण में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी थाना, चौकी को विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जिले के मुख्य मार्ग, चौक चौराहों पर पेट्रोलिंग किया जा रहा है और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध 185 मोटर व्हीकल एक्ट की कार्यवाही की जा रही है। अभियान के तहत आज दिनांक तक जिले में शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के विरूद्ध सख्ती से कार्यवाही करते हुए कुल 1305 लोगों के विरुद्ध 185 एम वी एक्ट के तहत कार्यवाही की गई है। ज्ञात हो कि वर्ष 2022 में पूरे साल का आँकड़ा 529 था और वर्ष 2023 में मात्र 265 था। इस वर्ष मात्र साढ़े 7 माह में ही पिछले वर्षों की तुलना में क्रमश: 300 और 392 फ़ीसदी अधिक कार्यवाही कर ली गई है।शराब पीकर वाहन चलाने वालों को न्यायलय प्रस्तुत कर प्रत्येक प्रकरण में 10000 सम्मन शुल्क जमा कराया गया है। जिससे अभी तक 97,59,400 रुपए शुल्क जमा कराया गया है। शेष में कार्यवाही लंबित है।पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारियों के द्वारा पेट्रोलिंग किया गया। पेट्रोलिंग के दौरान मुख्य चौक चौराहा एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाकर पेट्रोलिंग किया गया। गलत तरीके से वाहन चलाने वाले एवं शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्यवाही किया गया। ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से पूरे कोरबा जिले के सभी थाना क्षेत्र में कार्यवाही किया गया। लगातार हो रहे एक्सीडेंट में कमी लाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत दो पहिया वाहन, चार पहिया वाहन, पिकअप ट्रक एवं ट्रेलर को चेक किया गया और उन्हें शराब पीकर वाहन न चलने और ना ही अपने करीबियों को नशे की हालत में वाहन चलाने देने की उनको समझाइश एवं हिदायत भी दी गई। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि टीम के द्वारा आगे भी अवैध कारोबार एवं शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर पूर्णत: लगाम लगाने के लिए संगठित अपराधों के खिलाफ लगातार कार्यवाही की जाएगी।
![]()

