बिजली कंपनी के 2500 संविदा कर्मियों को नियमितीकरण का इंतजार
कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य बिजली वितरण व पारेषण कंपनी के परिचारक लाइन पद पर 2500 कर्मी संविदा आधार पर सेवा दे रहे हैं। इनको सेवा नियम में बदलाव कर नियमितीकरण का इंतजार है। इनकी भर्ती प्रक्रिया साल 2015, 2016 व 2018 में हुई थी। इन संविदा कर्मियों को अधिकतम 10 साल संविदा काल में रखने का नियुक्ति आदेश में उल्लेख है। बिजली कंपनी में कार्यरत 2500 संविदा लाइन कर्मियों की नियमितीकरण की मांग को पूरा करने सेवा नियम में बदलाव की ओर बिजली कर्मचारी संघ-फेडरेशन-1 ने ध्यान आकृष्ठ कराया है। संगठन के प्रतिनिधि मंडल ने वितरण कंपनी मुख्यालय के सभाकक्ष में प्रबंध निदेशक भीमसिंह कंवर से मुलाकात की है। इस द्विपक्षीय वार्ता में फेडरेशन के महासचिव आरसी चेट्टी ने बताया कि बिजली कंपनी में नियमित पद के विरूद्ध नियुक्त परिचारक लाइन संविदा कर्मियों के नियमितीकरण के लिए 6 महीने की सेवा के बाद पात्रता संबंधी नियमों को प्रबंधन के समक्ष रखा है। इस पर किसी भी तरह का निर्णय लेने से पहले प्रबंध निदेशक ने विधिक अभिमत लेने प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों को आश्वस्त किया है। फेडरेशन की ओर से संविदा कर्मियों को यह भरोसा दिलाया है कि अगर दिसंबर 2024 के पहले उन पर लागू नियम व नियमितीकरण पर विधिक अभिमत के अनुसार निर्णय नहीं लेने पर संगठन न्याय दिलाने उचित पहल करेगी। इस द्विपक्षीय वार्ता में संगठन की ओर से प्रांतीय अध्यक्ष सुरेन्द्र शुक्ला, पवन दास, बलजीत कंवर, प्रदीप बघेल, जमुना प्रसाद समेत अन्य उपस्थित थे।
![]()

