ट्रांसपोर्ट कंपनी के दफ्तर में ईपीएफ की टीम की दबिश
कोरबा। वेतन में कटौती सहित कर्मचारियों से जुड़े अन्य मुद्दों पर शिकायत मिलने पर एसईसीएल कोल माइंस से कोयला ट्रांसपोर्ट करने वाली हिंद एनर्जी के दीपका स्थित दफ्तर में ईपीएफ की टीम ने दबिश दी है। लगातार दूसरे दिन कार्यालय के दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय की कार्रवाई से कोयलांचल के कोल ट्रांसपोर्टरों में हडक़ंप मच गया है। बताया जा रहा है कि कंपनी के संबंधित लोगों ने कंपनी में काम करने वाले हजारों कर्मचारियों के भविष्य से खिलवाड़ करते हुए करोड़ों रुपए की हेराफेरी की है। इस बात की शिकायत मिलने पर जांच के लिए पहुंची ईपीएफ की टीम लगातार दूसरे दिन भी जमी हुई है। बताया जा रहा है कि डिडौलीभांठा में रहने वाले हिंद एनर्जी के पूर्व कर्मचारी बाबूलाल पोर्ते की शिकायत पर ईपीएफ ने यह कार्रवाई की है। इस संबंध में कलेक्टर के अलावा अन्य विभागों में शिकायत की थी। इस पर एक टीम कुछ दिनों पहले बिलासपुर स्थित हिन्द एनर्जी के दफ्तर में भी जांच-पड़ताल के लिए पहुंची थी। बहरहाल मामले की अधिकारिक पुष्टि नहीं हो पायी है।
![]()




























