Thursday, February 26, 2026

सराफा व्यवसायी की हत्या के मामले को सुलझाने पुलिस ने झोंकी ताकत, वारदात के बाद आईजी पहुंचे कोरबा, एसपी के साथ घटनास्थल का किया मुआयना, पुत्र से वारदात के संबंध में ली जानकारी

Must Read

सराफा व्यवसायी की हत्या के मामले को सुलझाने पुलिस ने झोंकी ताकत, वारदात के बाद आईजी पहुंचे कोरबा, एसपी के साथ घटनास्थल का किया मुआयना, पुत्र से वारदात के संबंध में ली जानकारी

कोरबा। सराफा व्यवसायी की घर घुसकर की गई हत्या के बाद शहर में सनसनी फैली हुई है। पुलिस ने हत्यारों को दबोचने पूरी ताकत झोंक दी है। इस बीच सोमवार सुबह बिलासपुर रेंज के आईजी डॉ. संजीव शुक्ला कोरबा पहुंचे। उन्होंने लालूराम कालोनी टीपी नगर में सराफा व्यवसायी स्व.गोपाल राय सोनी के निवास पहुंच कर घटनास्थल का मुआयना किया। उन्होंने स्व.गोपाल के पुत्र से घटना की जानकारी ली। आईजी ने पुलिस अधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिये। आईजी डॉ. संजीव शुक्ला व कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि घटना को लेकर पुलिस की अलग-अलग टीम पतासाजी में जुटी है, फरार आरोपी जल्द पकड़े जाएंगे।
रविवार रात सनसनीखेज घटनाक्रम में सराफा व्यवसायी गोपाल राय सोनी पर जानलेवा हमला उनके घर में किया गया, जिसमें उनकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने अपनी जांच पड़ताल विभिन्न बिंदुओं पर शुरू कर दी है। घटनाक्रम को लेकर जो बातें सामने आई हैं उसके मुताबिक महज 19 मिनट के भीतर इस पूरे वारदात को अंजाम दिया गया। रात 9:40 बजे से 9:59 बजे के मध्य इस घटनाक्रम को घटित किया गया। मृतक सराफा व्यवसायी गोपाल राय सोनी के एक परिचित ने बताया कि रात 9:37 के आसपास उनकी फोन पर बात हुई थी और इसके बाद 10 बजे के बाद इस घटनाक्रम का पता चला। बताया गया कि गोपाल राय सोनी एसएस प्लाजा पावर हाउस रोड स्थित अमृता ज्वेलर्स दुकान से घर करीब 7 – 7:30 बजे लौटे थे और ड्राइवर उन्हें घर में छोडक़र तथा कार को घर के दूसरी ओर के गेट से भीतर खड़ी कर लौट गया था। गोपाल राय घर पर अपनी बीमार पत्नी के साथ मौजूद थे और उनका छोटा पुत्र नचिकेता जो बाहर काम करता है और फिलहाल वर्क फ्रॉम होम कर रहा है, वह पिता के आने के बाद कुछ देर के लिए घर से बाहर गया था। घर पर सिर्फ दो ही लोग थे और करीब 9:40 बजे तक सब कुछ सामान्य था। इसके बाद घर पहुंचे अज्ञात हमलावरों ने किसी धारदार हथियार से गोपाल राय के गर्दन पर संघातिक एक से अधिक बार प्रहार किया और फिर यहां से जाते-जाते चाबी हासिल कर सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर साथ ले गए। बताया जा रहा है कि सोफे पर रखा गोपाल का सूटकेश गायब है। घटनास्थल से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है। वारदातियों ने भागने के लिए गोपाल राय की क्रेटा कार का इस्तेमाल किया। करीब 10 बजे पुत्र नचिकेता घर लौटा तो पिता को इस हालत में देख अन्य लोगों को सूचना दिया व गोपाल राय को अस्पताल ले गए। गोपाल राय के घर में जाने और निकलने के दो अलग-अलग रास्ते हैं लेकिन भीतर दोनों एक-दूसरे से जुड़े हैं। ब्लू डायमंड होटल के सामने स्थित उनके काप्मलेक्स से एक रास्ता है और थोड़ा आगे गली में भी एक रास्ता निकलता है जहां से कार को रखने और निकालने का काम किया जाता है। हमलावरों ने भागने के लिए इस रास्ते का उपयोग किया लेकिन भीतर कहां से घुसे यह रहस्य बना हुआ है। यहां आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कार को गेट खोलकर आराम से निकलने और फिर गेट बंद कर कार में बैठकर जाते हुए वारदती नजर आए हैं लेकिन चेहरा ढंका था। अज्ञात हमलावर लालूराम कॉलोनी मार्ग से निकलकर डी डी एम रोड होते हुए कार सहित फरार हुए। एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि हत्या के पीछे का उद्देश्य अभी स्पष्ट नहीं है। शुरुआती जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि क्या बदमाशों का मकसद लूटपाट था या हत्या के पीछे कोई अन्य कारण है।फॉरेंसिक और साइबर टीम के साथ घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है। अब आईजी ने भी मौका स्थल पहुंच कर मुआयना किया है।
बॉक्स
पहले भी हो चुका है हमला
बता दें कि गोपाल राय सोनी पर यह दूसरी बार हमला हुआ है। वर्ष 2000 में जब वे सिटी कोतवाली के पास गणेश डेयरी के पीछे निवास रखते थे तब गोपाल राय और उनके भतीजे संदीप पर रात को दुकान से लौटने के बाद घर में घुसते वक्त गेट पर ही हमला किया गया था। चलाई गई गोली लगने से संदीप की मौत हो गई थी, जबकि गोपाल राय भी घायल हुए थे। वह घटनाक्रम आज भी शहर वासियों के जेहन में ताजा है। गोपाल राय पर दूसरा हमला रविवार को उनके घर पर हुआ। इससे पूर्व गोपाल राय के जीजा श्याम सुंदर सोनी संचालक सिल्वर सेंटर गांधी चौक पर भी हमला हुआ था व उनको गोली मारकर लूट की गई थी। परिवार में यह तीसरी बार हमले की घटना हो चुकी है।
बॉक्स
0 मंगलवार को होगा अंतिम संस्कार
गोपाल राय का बड़ा पुत्र और बहू रायपुर में निवासरत हैं जो घटना की जानकारी मिलने के बाद रात में ही रवाना हुए एवं पुत्री नेपाल में रहती है जो कोरबा लौट रही है। गोपाल राय का अंतिम संस्कार मंगलवार को किए जाने की जानकारी परिजनों ने दी है। इस घटना से सराफा व्यापारी उद्वेलित हैं।
बॉक्स
विरोध में सराफा दुकानें बंद
रविवार को हुई घटना में व्यवसायी गोपाल रॉय की मौत के बाद सराफा व्यवसायियों में भारी आक्रोश है। सोमवार को शहर के सराफा व्यवसायियों ने अपनी प्रतिष्ठानें बंद रखकर विरोध जताया। शहर के सभी सराफा दुकान बंद रहे । उनकी मांग है कि हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
बाक्स
जांच में जुटी है बेस्ट टीम-आईजी
मौका स्थल के मुआयना उपरांत मीडिया से चर्चा करते हुए आईजी ने कहा कि अभी तक की जांच में पता चला है कि इसमें दो लोग शामिल थे। धारदार हथियार से हमला किया गया है। घटना को लगभग 20 मिनट में अंजाम दिया गया है। मकान से आरोपी कोई समान लेकर नहीं गए है। घटना के पीछे क्या मोटिव है। इसकी जांच पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा। रेंज की बेस्ट टीम मामले को सुलझाने में लगी हुई है। 25 वर्ष पूर्व हुई घटना के संबंध में परिवार के सदस्यों से जानकारी ली गई है।

Loading

Latest News

लंबित मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिकाओं ने भरी हुंकार, आईटीआई चौक में किया काम बंद हड़ताल

कोरबा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिकाओं ने आईटीआई चौक में धरना प्रदर्शन किया। लंबित मांगों को लेकर धरना दो दिवसीय धरना...

More Articles Like This