नगर निगम में इस बार नारी शक्ति का होगा राज, सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित हुई महापौर की कुर्सी
कोरबा। प्रदेश के 14 नगर निगम में आरक्षण की प्रक्रिया सोमवार को शुरू हुई। कोरबा नगर पालिक निगम महापौर सीट सामान्य महिला वर्ग के लिए रिजर्व हो गया है। यानि इस बार साकेत में नारी शक्ति के हाथों सत्ता की कमान होगी। नगर पालिक निगम में 67 वार्ड हैं, निगम क्षेत्र में महिला-पुरूष मतदाताओं की संख्या लगभग बराबर है। आरक्षण पर लोगों की निगाह टिकी हुई थी। महापौर आरक्षण के पत्ते खुलते ही ऐसे पुरूष उम्मीदवार जो महापौर चुनाव लडऩे का सपना संजाए थे वह चकनाचूर हो गया। वहीं राजनीतिक दलों के सामने महिला नेत्री के चयन की उलझन होगी। हालांकि भाजपा और कांग्रेस में सामान्य वर्ग से दिग्गज महिला नेत्रियां मौजूद है। हाल ही में बीते लोकसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस की नारी शक्ति के बीच कड़ा मुकाबला हुआ था। निगम महापौर चुनाव में भी दोनों ही पाटियों की महिला शक्ति के बीच कुछ इसी तरह की सियासी जंग देखने को मिलेगी। आरक्षण की प्रक्रिया के बाद अब पार्टियां जिताउ चेहरों की तलाश में जुट गई है।
![]()

