रेलवे के अंडरपासों में जल भराव रोकने तैनात रहेंगे कर्मी, पंपिंग सेट, जेटिंग मशीन और ऑटोमेटिक पंप के जरिए होगी जल निकासी
कोरबा। मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल ने तैयारी शुरू कर दी है। मंडल क्षेत्र के सभी रेलवे अंडरपासों की विशेष निगरानी की जा रही है और जलभराव रोकने के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। मंडल प्रशासन द्वारा चिन्हित 18 रेलवे अंडरपासों में 24 घंटे निगरानी के लिए कर्मचारी तैनात किए गए हैं। ये कर्मचारी नियमित रूप से पानी के स्तर की निगरानी कर रहे हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। जल निकासी को सुचारु बनाए रखने के लिए पंपिंग सेट, जेटिंग मशीन सहित अन्य उपकरणों की व्यवस्था की गई है। रेल प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि भारी वर्षा के दौरान अंडरपास का प्रयोग करने से पहले सतर्कता बरतें और जलभराव अथवा अन्य किसी समस्या की स्थिति में अंडरब्रिज में प्रदर्शित नंबरों पर संपर्क करें। रेलवे प्रबंधन ने अपने सभी अंडरब्रिजों की दीवारों पर जल स्तर दर्शाने वाले पैरामीटर चिन्हित किए गए है। साथ ही संबंधित रेल पर्यवेक्षकों के मोबाइल नंबर भी अंकित किए गए हैं ताकि जब अंडरब्रिज में अधिक पानी भर जाए और उसे पार करने में समस्या आए तो उस दौरान राहगीर पर्यवेक्षक से सीधे संपर्क कर सकें।
![]()

