कोरबा। भारतीय मजदूर संघ का 21वा त्रैवार्षिक राष्ट्रीय अधिवेशन ओडिशा के जगन्नाथ पुरी में सम्पन्न हुआ। अधिवेशन में देशभर से आए प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए श्रमिक हितों से जुड़े राष्ट्रीय मुद्दों पर व्यापक मंथन किया।
अधिवेशन में आगामी तीन वर्ष (2026-2029) के नवीन अखिल भारतीय कार्यकारिणी का गठन किया गया।नवगठित कार्यकारिणी में अखिल भारतीय अध्यक्ष के रूप में एस. मलेशम (तेलंगाना), महामंत्री के रूप में सुरेन्द्र कुमार पांडेय (छत्तीसगढ़) तथा संगठन मंत्री के रूप में बी. सुरेंद्रन को दायित्व प्रदान किया गया। इसके अलावा छत्तीसगढ़ प्रदेश से लक्ष्मण चंद्रा को पुन: राष्ट्रीय पर्यावरण मंच प्रभारी बनाया गया के। इसी प्रकार भिलाई से दिनेश कुमार पाण्डेय तथा बिलासपुर के गिरजाशंकर आचार्य को राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया है। राधेश्याम जायसवाल को पुन: अखिल भारतीय मंत्री एवं विद्युत प्रभारी का जिम्मा सौंपा गया है।भारतीय मजदूर संघ कोरबा के जिला मंत्री व छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ महासंघ के प्रदेश महामंत्री नवरतन बरेठ ने बताया कि अधिवेशन में छत्तीसगढ़ प्रदेश से लगभग 88 प्रतिनिधियों ने अधिवेशन में सहभागिता की, वहीं कोरबा जिले से 16 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
5 प्रमुख प्रस्ताव पारित किए गए
अधिवेशन में राष्ट्र निर्माण में श्रमिकों की भूमिका, बदलते औद्योगिक परिदृश्य, श्रम नीतियाँ, सामाजिक सुरक्षा तथा विभिन्न क्षेत्रीय समस्याओं पर गहन चर्चा की गई। विशेष रूप से विद्युत क्षेत्र से संबंधित ज्वलंत मुद्दों पर विचार-विमर्श उपरांत 5 प्रमुख प्रस्ताव पारित किए गए। श्रम कानूनों को बिना किसी अपवाद के सभी श्रमिकों पर सार्वभौमिक रूप से लागू किया जाए। तथा अंत्योदय की संकल्पना को साकार किया जाए। ठेका श्रमिकों के शोषण को समाप्त करने हेतु कानून में आवश्यक संशोधन किए जाएँ। आंगनबाड़ी कर्मियों को कर्मचारी घोषित कर उन्हें वेतन एवं सामाजिक सुरक्षा का लाभ प्रदान किया जाए। त्रिपक्षीय तंत्र को पुनर्जीवित कर उसे प्रभावी, व्यावहारिक एवं नियमित बनाया जाए।जनरल भर्ती पर लगी रोक तत्काल हटाई जाए।
![]()




























