कोरबा। बारातियों को लेने जा रही पिकअप चढ़ाई में पीछे लुढ़क गई। इस दौरान पीछे ट्राला से उतरकर भागने के प्रयास में एक ग्रामीण की दबने से मौत हो गई। दुर्घटना सोमवार दोपहर पाली थाना के चैतमा चौकी अंतर्गत घुईचुआ से उड़ान मार्ग के बीच हाथी बाड़ी के पास बिजरा घाट पर हुई, जहां वैवाहिक कार्यक्रम के लिए बारातियों को लेने पिकअप सीजी 07- एजेड- 8026 का चालक पास के धनवार पारा जा रहा था। पिकअप के ट्राला में दूसरे मोहल्ले के 5-6 बाराती सवार थे। बिजरा घाट पर चढ़ाई में पिकअप वाहन आगे नहीं चढ़ पाया और पीछे की ओर लुढ़कने लगा। पिकअप के खाई में पलटने की सोचते हुए ट्रॉला में बैठे बाराती नीचे उतरकर भागने लगे। इस दौरान इनमें से एक अलगीडांड गांव निवासी चैतराम धनवार पिकअप की चपेट में आकर दब गया। वहीं पिकअप सड़क के नीचे पेड़ से टकराकर रुक गई। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी डायल 112 को दी। सूचना पर 112 की टीम मौके पर पहुंची। गंभीर हालत में पड़े चैतराम को पाली अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
![]()




























