कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र में तालाब में डूबने से एक बुजुर्ग ग्रामीण की मौत हो गई। ग्रामीण रोजाना की तरह सुबह घर से दातुन तोड़ने के नाम से निकला हुआ था। मामले की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है। घटना उरगा थानांतर्गत ग्राम सूपातराई की है। यहां 65 वर्षीय बुधुराम मैत्री निवासरत थे। उनकी लाश बुधवार की दोपहर गांव के तालाब में ग्रामीणों ने देखी। बताया जा रहा है कि ग्रामीण प्रतिदिन सुबह टहलने और दातुन करने के बाद कुछ ही समय में वापस घर लौट आते थे। कई घंटे बीत जाने के बाद भी जब वे घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों को चिंता सताने लगी। परिजनों ने आसपास क्षेत्र में उनकी खोजबीन शुरू की। खोजबीन के दौरान गांव के तालाब में उनका शव दिखाई दिया। तत्कााल इसकी सूचना उरगा थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक आशंका डूबने से मौत की जताई जा रही है। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
![]()

