कोरबा। पाली वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम दमिया में शनिवार को कुत्तों के हमले में गंभीर रूप से घायल हिरण की इलाज के दौरान मौत हो गई। वन विभाग ने रविवार को उसका अंतिम संस्कार किया।
पाली के निकट ग्राम दमिया में शनिवार शाम चारा और पानी की तलाश में गांव के निकट पहुंचे एक हिरण पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया था। ग्रामीणों की नजर इस पर पड़ी और उन्होंने किसी तरह हिरण को कुत्तों के चंगुल से बचाया। बुरी तरह से घायल हो चुके हिरण को सुरक्षित कर वन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंचे वन विभाग की टीम ने पशु चिकित्सालय में उपचार के लिए भर्ती कराया है, लेकिन इलाज के दौरान बेजुबान प्राणी की मौत हो गई। कुछ दिन पूर्व भी रंगोले गांव के निकट ऐसे ही घटित एक घटना में एक और हिरण ने दम तोड़ दिया था। प्रतिवर्ष ग्रीष्म ऋतु के साथ ही पहाड़- जंगल में चारा पानी कम होने के साथ ही हिरण चीतल के झुंड की आमद गांव के करीब होने लगती है और कभी सड़क दुर्घटना में तो कभी कुत्तों के हमलों में कई हिरण चीतल की आकस्मिक मौत हो जाती है। विडंबना है कि इसके बावजूद वन विभाग इन मौतों को रोकने में अब तक असफल साबित हुआ है।
![]()

