Friday, February 27, 2026

कुत्ते के सिर में फंसा डिब्बा, किया गया रेस्क्यू

Must Read

कोरबा। एसईसीएल सुभाष ब्लॉक क्षेत्र में एक कुत्ते के सिर पर डिब्बा फंस जाने के बाद उसे एक सप्ताह तक भटकना पड़ा। स्थानीय लोगों की सूचना पर रेस्क्यू टीम ने कुत्ते को सुरक्षित बाहर निकाला। डिब्बा बुरी तरह फंसने के कारण कुत्ता कई दिनों से कुछ खा-पी नहीं पा रहा था, जिससे उसकी हालत बिगड़ रही थी। यह कुत्ता अक्सर सुभाष ब्लॉक के घरों के बाहर और हेलीपैड जंगल के आसपास देखा जाता था। स्थानीय लोग उसे खाना-पानी भी देते थे। डिब्बा फंसने के बाद भूख और प्यास से परेशान होकर वह इधर-उधर भटक रहा था। उसकी बिगड़ती हालत देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत रेस्क्यू टीम को सूचना दी। स्थानीय लोगों के अनुसार कुत्ता भागते-भागते थक जाता और कहीं बैठ जाता था। उसकी हालत दिन-ब-दिन खराब होती जा रही थी। उसे पकड़ने की कोशिशें भी की गई, लेकिन वह हाथ नहीं आ रहा था। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम के सदस्य बबलू कुमार मारुवा, विमल चौहान, पुष्पेंद्र चौहान, सूर्यभान कुर्मी और नीतीश चौहान सहित अन्य साथियों ने सावधानीपूर्वक कुत्ते को पकड़ा। काफी मशक्कत के बाद डिब्बे को सुरक्षित तरीके से खींचकर बाहर निकाला गया और कुत्ते को मुक्त कर दिया गया। रेस्क्यू टीम के सदस्य बबलू कुमार ने बताया कि पहले भी इस संबंध में सूचना मिली थी और उसे पकड़ने के लिए कई बार प्रयास किए गए थे, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ रहा था। उन्होंने कहा कि इतनी गंभीर स्थिति में कुत्ते की मौत भी हो सकती थी। बबलू ने यह भी बताया कि इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उन्होंने आशंका जताई कि यह असामाजिक तत्वों की करतूत हो सकती है, जिन्होंने कुत्ते को खिलाने के बहाने उसके सिर पर डिब्बा डाल दिया होगा। उन्होंने ऐसे लोगों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग की। रेस्क्यू के बाद कुत्ते को पानी और भोजन दिया गया। स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू टीम के साहस और संवेदनशीलता की सराहना की।

Loading

Latest News

लंबित मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिकाओं ने भरी हुंकार, आईटीआई चौक में किया काम बंद हड़ताल

कोरबा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिकाओं ने आईटीआई चौक में धरना प्रदर्शन किया। लंबित मांगों को लेकर धरना दो दिवसीय धरना...

More Articles Like This