कोरबा। नशे में धुत युवकों ने कार से बाइक सवार ऑटो चालक को रोककर झूठा आरोप लगाते हुए मारपीट शुरू कर दी, जिसमें उन्होंने बाइक से कार को ठोकर मारने का दावा किया। इतना ही नहीं बात हाथापाई तक पहुंच गई। खुद को पुलिस अधिकारी का भतीजा बताकर युवकों ने मौके पर जमकर ड्रामा किया।
सीएसईबी चौकी क्षेत्र के टीपी नगर मुख्य मार्ग पर सरेआम मारपीट की घटना सामने आई है। नशे में धुत दो कार सवार युवकों ने एक बाइक सवार ऑटो चालक से विवाद किया। उन्होंने आरोप लगाया कि बाइक ने उनकी कार को ठोकर मारी है। विवाद जल्द ही हाथापाई में बदल गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बाइक सवार ऑटो चालक था, जिसे देखकर ऑटो संघ के पदाधिकारी और राहगीर भी वहां पहुंच गए। कार सवार युवक ऑटो संघ के पदाधिकारियों और अन्य लोगों से हुज्जतबाजी करने लगे। विवाद बढ़ता गया और युवक काफी समय तक ड्रामा करते रहे। लोग उन्हें पकड़ने की कोशिश कर रहे थे। एक कार सवार युवक खुद को पुलिस अधिकारी का भतीजा बता रहा था। उसकी हरकतों से लोग परेशान थे। युवकों के इस ड्रामा का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मौके पर मौजूद कई लोगों ने इस घटना का वीडियो बनाया था। विवाद बढ़ता देख सीएसईबी चौकी पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद दोनों पक्षों को चौकी बुलाया गया और उनसे पूछताछ की गई। पुलिस चौकी पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया। इस मामले में किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। हालांकि, घटना और युवकों की हरकतों को देखते हुए लोगों ने शराबी कार चालक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
![]()

