कोरबा। होली पर्व के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति और सुरक्षित वातावरण के लिए ऊर्जा विभाग ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने आम लोगों और बिजली उपभोक्ताओं से कहा है कि होलिका दहन बिजली के तारों, खंभों और ट्रांसफार्मरों से सुरक्षित दूरी बनाकर ही करें। बिजली लाइनों या उपकरणों के नीचे अथवा आसपास होलिका दहन करने से आग की लपटों के कारण तारों और केबलों के जलने या टूटने का खतरा रहता है, जिससे गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं और बिजली आपूर्ति भी बाधित हो सकती है। ऊर्जा विभाग ने कहा है कि त्योहार के दौरान उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी अधिकारियों और अभियंताओं को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। होली के समय बिजली आपूर्ति सुचारु रखने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है। विभाग ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सावधानी बरतकर ही सुरक्षित होली मनाई जा सकती है। किसी भी प्रकार की बिजली संबंधी समस्या या आपात स्थिति में उपभोक्ता टोल फ्री नंबर 1912 या अपने नजदीकी फ्यूज कॉल सेंटर से संपर्क कर सकते हैं। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
![]()

