कोरबा। एसईसीएल के 34 हजार 102 कर्मचारियों का डीए में बढ़ोतरी का मार्च से लाभ मिलेगा। एसईसीएल समेत कोल इंडिया दूसरी सहयोगी कंपनियों के कर्मचारियों को अब बेसिक का 24.5 फीसदी वीडीए मिलेगा। कोल इंडिया प्रबंधन की ओर से जारी कार्यालय ज्ञापन के अनुसार संशोधित दर 1 मार्च से प्रभावी हो जाएगी और यह 31 मई तक लागू रहेगी। कोल इंडिया प्रबंधन कोयला कर्मियों के महंगाई भत्ते की समीक्षा के बाद संशोधित वीडीए साल में चार बार 1 मार्च, 1 जून, 1 सितंबर और 1 दिसंबर से अगले तीन महीने के लिए लागू की जाती है। संबंधित वीडीए तिमाही के औसत
उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आंकड़ों के आधार पर नई दरें तय की जाती है। इस बार मार्च से मई महीने के लिए कोयला कर्मियों को 24.5 प्रतिशत महंगाई भत्ता लागू किया गया है। इससे वेतन में आंशिक बढ़ोतरी से बढ़ती महंगाई के बीच कर्मचारियों का आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। इसके पहले कोयला कर्मियों को बेसिक का 23.6 फीसदी डीए का भुगतान किया जा रहा है। इस तरह 1 फीसदी से कम की बढ़ोतरी वीडीए में हुई है। इस निर्णय के बाद कोल इंडिया की ओर से जारी कार्यालय ज्ञापन से एसईसीएल के लाभान्वित 34 हजार 102 कर्मचारियों में कोरबा जिले में संचालित कोल कंपनी की कोयला खदानों में कार्यरत लगभग 11 हजार नियमित कर्मचारी भी शामिल हैं।
![]()

