खुले में मांस बिक्री, लिखित शिकायत के बाद भी नगर पालिका के अधिकारी मौन
बांकी मोंगरा। नगर पालिका क्षेत्र बांकी मोंगरा में खुलेआम मांस बिक्री का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों द्वारा इसकी लिखित शिकायत नगर पालिका प्रशासन से की गई है, लेकिन शिकायत के बाद भी अब तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
बताया जा रहा है कि नगर के कई स्थानों सहित माता के मंदिर के बगल पर खुले में मांस की बिक्री की जा रही है, जिससे आसपास गंदगी फैल रही है और दुर्गंध के कारण राहगीरों एवं स्थानीय निवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही खुले में मांस बिक्री से स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस संबंध में नगर पालिका के अधिकारियों को लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद अब तक किसी प्रकार की जांच या कार्रवाई नहीं की गई है। इससे यह सवाल उठने लगा है कि आखिर शिकायत के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी चुप्पी क्यों साधे हुए हैं।
स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि खुले में हो रही मांस बिक्री पर तत्काल रोक लगाई जाए और नियमों के अनुसार व्यवस्थित स्थान पर ही मांस बिक्री की अनुमति दी जाए, ताकि शहर में स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न न हों।
लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे इस मामले को लेकर उच्च अधिकारियों तक शिकायत करने को मजबूर होंगे।
![]()

